आग ने उजाड़ दिया विधवा का आसियाना, दताऊ स्थित ढाणी में आग ने सर्वस्व जलाकर राख किया,
आनंद परिवार सेवा समिति सहायता के लिए आई आगे, पीड़ित परिवार का मकान फिर से बनाने की सामग्री और राशन सामग्री की तत्काल व्यवस्था करवाई





लाडनूं (kalamkala.in)। उपखंड के गांव दताऊ में स्थित एक ढाणी में अचानक लगी आग में एक विधवा महिला का सारा रैन-बसेरा स्वाहा हो गया। उसके परिवार के खाने और पहनने-ओढ़ने के कपड़े तक सारा सामान ढाणी में राख में तब्दील हो गया। शुक्रवार को सुबह जल्दी ही दताऊ गांव स्थित स्वर्गीय गोपीराम लुहार की विधवा की रहवासी ढाणी में आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरी ढाणी को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। ढाणी में आग के कारण रखी हुई नकद राशि, खाने-पीने का सामान, ओढने-पहनने के कपड़े, पशुओं का चारा आदि सारा ही सामान जल गया और वहां सिवाय राख के कुछ भी नहीं बचा। मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर आई, लेकिन ढाणी पूरी मलबे और राख में बदर गई। दिनेश पुत्र स्वर्गीय गोपीराम लुहार और उसकी विधवा मां की तो पूरी दुनिया ही उजड़ गई। ढाणी में आग से उन्हें बहुत अधिक नुकसान हुआ। खेतिहर मजदूर के रूप में काम करने वाले इस परिवार के पास तो रोने-धोने के अलावा कुछ नहीं बचा। विधवा का पति पहले सीकर में खेतिहर मजदूर था, उसके देहावसान के बाद विधवा अपने बच्चों को लेकर दताऊ आ गई थी और यही ढाणी बना कर रहने लगी, लेकिन कुदरत को यह भी रास नहीं आया और उनकी भरी-पूरी ढाणी उजाड़ डाली।
मकान निर्माण सामग्री, राशन सामग्री उपलब्ध करवाई
इस विकट परिस्थिति में आनंदपाल परिवार सेवा समिति आगे आई और पूरी टीम के साथ समिति के अध्यक्ष मंजीत पाल सिंह सांवराद और भाजपा नेता ओम प्रकाश बागड़ा ने मौके पर पहुंच कर पीड़ित परिवार की सुध ली। मंजीत पाल सिंह सांवराद ने तुरंत प्रभाव से पीड़ित परिवार को उसके उजड़े हुए आसियाने (मकान) के पुनर्निर्माण के लिए उचित निर्माण सामग्री की व्यवस्था करवाई। इसके अलावा उनके लिए तत्काल सहायता के रूप में राशन सामग्री की भी व्यवस्था कराई। मंजीत पाल सिंह सांवराद ने कहा कि वे और उनकी श्री आनंद परिवार सेवा समिति इस पीड़ित परिवार के लिए तन, मन, धन से मदद करने के लिए सदैव साथ खड़े रहेंगे।
नुकसान की रिपोर्ट तैयार करवाई
भाजपा नेता ओमप्रकाश बागड़ा व मंजीत पाल सिंह सांवराद ने मौके पर तहसीलदार अनिरुद्ध देव पांडेय को सारी स्थिति से अवगत करवाया और इस नुकसान की रिपोर्ट पटवारी और ग्राम विकास अधिकारी से तैयार करवाई। भाजपा नेता ओमप्रकाश बागड़ा ने बताया कि इस नुकसान की भरपाई के लिय उच्च अधिकारियों से बातचीत कर आगजनी से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा नेता ओमप्रकाश बागड़ा, श्री आनंद परिवार सेवा समिति के अध्यक्ष मंजीत पाल सिंह सांवराद, योगिता सिंह सांवराद, सांवराद के सरपंच सुधीर चोटिया, लक्ष्मण सिंह एडवोकेट, भाजपा युवा कार्यकर्ता सुरेन्द्र बिजारणियां, अधिवक्ता महेश बिजारणियां, मूलसिंह रावणा राजपूत, रामनिवास गुरुजी, पीड़ित परिवार के दिनेश लुहार और अन्य सदस्य मौजूद रहे।





