पिछले 25 सालों से राजस्व रिकॉर्ड में नाम शुद्धिकरण के अटके हुए मामले का हुआ त्वरित निस्तारण,
विभिन्न राजकीय योजनाओं से वंचित रहे रामेश्वर लाल को मिली शिविर से राहत

लाडनूं (kalamkala.in)। राज्य सरकार के निर्देशानुसार चल रहे ग्रामीण सेवा शिविर कार्यक्रम में शुक्रवार को ग्राम पंचायत जसवंतगढ़ में पिछले 25 सालों से नहीं होने वाला काम तत्काल हो गया। यह मामला रामेश्वर लाल पुत्र गीगाराम मेघवाल निवासी जसवंतगढ़ का है, जिसके आवेदन पर राजस्व रिकार्ड में उसके नाम का शुद्धिकरण किया गया। उसके आधार कार्ड वगैरह में उसका नाम ‘रामेश्वर लाल’ है, जबकि राजस्व रिकॉर्ड में उसका नाम सिर्फ ‘रामेश्वर’ ही दर्ज था। वह राजस्व रिकॉर्ड में भी अपना शुद्ध व सही नाम ‘रामेश्वर लाल’ दर्ज कराना चाहता था।उनके नाम में यह छोटा सा अंतर होने पर भी पिछले 25 सालों से उसका नाम रिकार्ड में शुद्ध नहीं हो पाया था। इस कारण वह फार्मर रजिस्ट्री, पीएम किसान योजना आदि योजनाओं के लाभ से वंचित रहा था।
एसडीएम के हस्तक्षेप के बाद किया गया शुद्धिकरण
उपखंड अधिकारी लाडनूं श्रीमती ममता लहुआ के निर्देशन में रामेश्वर लाल के आवेदन पर तुरंत कार्रवाई की जाकर तहसीलदार लाडनूं अनिरूद्ध देव पाण्डेय द्वारा धारा 136 के तहत प्रस्ताव तैयार कर राजस्व रिकॉर्ड में उसका नाम ‘रामेश्वर’ से ‘रामेश्वर लाल’ किया गया। शिविर में ही यह सारी कार्यवाही तुरंत होने पर प्रार्थी रामेश्वर लाल ने खुशी जताई एवं इस प्रकार कैंप आयोजित कर प्रभावित व्यक्तियों को मौके पर ही राहत देने के लिए उपखंड अधिकारी, जिला प्रशासन एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।





