उपलब्धियों से भरे हैं लाडनूं में नगर पालिका द्वारा लगाए जा रहे शहरी सेवा शिविर,
7 जनों को तत्काल मिले विवाह प्रमाण पत्र, खुश होकर सरकार की योजना की सराहना की, विभिन्न विभागों की सुनवाई और त्वरित निस्तारण

लाडनूं (kalamkala.in)। राज्य सरकार द्वारा आमजन को त्वरित राहत और पारदर्शी सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से स्वायत्त शासन विभाग के निर्देशों की पालना में नगर पालिका लाडनूं में सोमवार 15 जून को आयोजित शहरी सेवा शिविर 2026 शहरी क्षेत्र के निवासियों को हर तरह की त्वरित राहत और पारदर्शी सेवाएं प्रदान की जा रही है। अब आम लोगों को कार्यालयों के चक्कर कटवाने और लंबे इंतज़ार करवाने की जगह, कर्मचारियों द्वारा राज्य सरकार की भावना के अनुरूप आमजन को सारी कार्यवाही तत्काल पूरी की जाकर उनके ज़रूरी दस्तावेज़ कुछ ही मिनटों में उपलब्ध करवाए जाकर उन्हें राहत प्रदान की जा रही है।
शहरी सेवा शिविर में 7 जनों को तत्काल दिए गए विवाह प्रमाण-पत्र, खुश हुए लोग
लाडनूं में लगाए गए शहरी सेवा शिविर में यहां के निवासी बाबूलाल, मंगतु खां लाडवाण, बुधराम रैगर एवं शाहरुख खान को जब नगरपालिका में आयोजित शहरी सेवा शिविर की जानकारी मिली, तो उन्होंने नगरपालिका परिसर में आयोजित शिविर में जाकर विवाह पंजीयन के लिए आवेदन किया। शिविर में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने तुरंत कार्यवाही करते हुए आवेदन करने के सिर्फ 30 मिनट के भीतर ही चारों लाभार्थियों को उनका विवाह प्रमाण-पत्र बनाकर सौंप दिया गया। इसी प्रकार नगर पालिका में कुल 7 विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र व जन्म-मृत्यु के 23 प्रमाण पत्र जारी किये गये। शिविर में मिली त्वरित राहत के बाद चारों लाभार्थियों ने कहा कि ‘हमारा विवाह प्रमाण पत्र इतनी जल्दी बना के दिया गया, जिससे हमारी खुशी का ठिकाना नहीं है। राज्य सरकार द्वारा लगाए जा रहे शहरी सेवा शिविर 2026 नगरीय क्षेत्रों में निवासरत लोगों के लिए राहत लेकर आएं है।
विभिन्न प्रकरणों का किया गया त्वरित निस्तारण
कैम्प के दौरान नगर पालिका द्वारा 69-ए का एक पट्टा वितरण किया गया। नगर पालिका में 7 विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र व जन्म-मृत्यु के 23 प्रमाण पत्र जारी किये गये। जलदाय विभाग द्वारा प्राप्त सभी 7 लीकेज प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के 3 आवेदन प्राप्त हुए तथा शिविर में प्रधानमंत्री मातृत्व योजना के तहत 4 आवेदन प्राप्त हुए।कैम्प में नगर पालिका के अतिरिक्त विद्युत निगम, जलदाय विभाग, पशुपालन विभाग, आयुर्वेद विभाग, चिकित्सा विभाग, समाज कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, रसद विभाग के कार्मिकों की उपस्थिति व सहभागिता रही।
जारी रहेगी शीघ्र समाधान व राहत की समस्त प्रक्रिया
शिविर प्रभारी एवं अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी अखिलेश पारीक ने बताया कि शिविर में जनता से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान हो रहा है, जिसकी जन साधारण द्वारा प्रशंसा की जा रही है। नगर पालिका द्वारा इसी तरह ज्यादा से ज्यादा कार्य कर आमजन को लगातार राहत प्रदान की जाती रहेगी। शिविर में नगर पालिका के लेखाधिकारी राजेन्द्र सिंह पंवार, कनिष्ठ सहायक रघुनाथदान चारण, अरविन्द धवल, संगीता कंवर, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियन्ता सुनील मानवताल, कनिष्ठ अभियंता दीन मोहम्मद, जलदाय विभाग के कनिष्ठ सहायक वीरेन्द्र सिंह, आयुर्वेद विभाग के डॉ. तरूण भार्गव एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाईजर श्रीमती दीक्षा चौहान आदि के साथ सामाजिक कार्यकर्ता लूणकरण शर्मा, नदीम बल्खी, ओम सिंह मोहिल, राजेश भोजक, संदीप प्रजापत आदि उपस्थित रहे।






