मंगलपुरा में ग्रामीण सेवा शिविर में एक ही दिन में संभव हुआ 30 सालों से लम्बित खाता विभाजन प्रकरण,
सभी 10 खातेदारों ने बटवारा सफल होने पर जताया एसडीएम सहित राज्य सरकार का आभार
लाडनूं (kalamkala.in)। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले की ग्राम पंचायतों में आयोजित हो रहे ग्रामीण सेवा शिविर आमजन की समस्याओं के निस्तारण का केंद्र बन रहे हैं। लाडनूं उपखंड की ग्राम पंचायत मंगलपुरा में पिछले 30 सालों से लम्बित चल रहा खाता विभाजन के मामले में सभी 10 खातेदारों को विभाजित खाते का लाभ प्रदान किया गया। मंगलपुरा में आयोजित इस ग्रामीण सेवा शिविर में ग्राम मंगलपुरा के खाता संख्या 138 खसरा न. 1736 रकबा 0.8013 व खसरा न. 1739 रकबा 1.1250, कुल रकबा 1.9263 हेक्टेर 12 बीघा) में कुल 10 खातेदार मौजूद थे। खाता विभाजन का मामला लगभग 30 वर्षों से लंबित था, संबंधित सहखातेदारों को भूमि के बंटवारे में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। शिविर में सभी खातेदारों ने उपस्थित होकर भूमि विभाजन का आवेदन शिविर प्रभारी को प्रस्तुत किया, जिस पर शिविर में उपस्थित उपखण्ड अधिकारी ममता लहुआ, नायब तहसीलदार लाडनूं प्रहलाद राय पारीक द्वारा लंबित खाता विभाजन की समीक्षा की गई और दस्तावेजों का परीक्षण कर पटवारी हलका मंगलपुरा पूजा खिलेरी को खाता विभाजन प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश प्रदान किया गया। पटवारी हल्का द्वारा तैयार प्रस्ताव के आधार पर सभी पक्षों की सुनवाई की गई, तत्पश्चात नियमानुसार मौके पर ही भूमि का विभाजन सफलता पूर्वक सम्पन्न किया गया। इस कार्य से सम्बन्धित परिवारों को उनकी भूमि का स्पष्ट अभिलेख अधिकार प्राप्त हुआ, खातेदारी भूमि को लेकर विवाद की संभावना हमेशा के लिए समाप्त हो गई। सम्बन्धित खातेदारों द्वारा राजस्व विभाग व प्रशासन की इस पहल की सराहना की गई और समाधान मिलने पर जिला प्रशासन सहित राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।






