कलम कला: कुछ अजब कुछ गजब- लाडनूं का सबसे छोटा वार्ड, जहां मात्र 69 मत हासिल कर फहराई गई विजय पताका, कुल सिर्फ 233 मत पड़े और छह उम्मीदवारों में हुए विभाजित, दो पूर्व पार्षदों ने देखा हार का मुंह

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

कलम कला: कुछ अजब कुछ गजब-

लाडनूं का सबसे छोटा वार्ड, जहां मात्र 69 मत हासिल कर फहराई गई विजय पताका,

कुल सिर्फ 233 मत पड़े और छह उम्मीदवारों में हुए विभाजित, दो पूर्व पार्षदों ने देखा हार का मुंह

जगदीश यायावर, वरिष्ठतम पत्रकार। लाडनूं (kalamkala.in)। लाडनूं नगर पालिका के 45 वार्डों के लिए निर्वाचन सम्पन्न हो चुका। इस चुनाव के दौरान विभिन्न विसंगतियां, रोचक, हास्यास्पद एवं उल्लेखनीय विशिष्ट स्थितियां भी सामने आईं। इनमें से एक रोचक और विचित्र हालात का उल्लेख यहां किया जा रहा है। आपको एक ऐसे वार्ड के बारे में बताने जा रहे हैं, जो लाडनूं का सबसे कम मतदाताओं वाला वार्ड है। कहा जा रहा है कि लाडनूं के वार्डों में मतदाताओं की संख्या में भारी असंतुलन रहा। यहां वार्ड सं. 36 में अधिकतम 2773 मतदाता हैं, तो वार्ड सं. 45 में सबसे कम मात्र 382 मतदाता ही रहे। यह विसंगति लोगों को अचंभित करती है। वार्ड सं. 36 में कुल 1772 मतदाताओं ने मतदान में हिस्सा लिया, जबकि वार्ड सं. 45 में मात्र 233 मतदाताओं ने ही पार्षद चुनने के लिए मतदान किया। यह मतदान भी लाडनूं में सबसे कम मतदान कहा जा सकता है। इस प्रकार लाडनूं शहर का यह सबसे कम मतदाताओं का वार्ड रहा और सबसे कम मतदान का वार्ड भी। पाठकों की जानकारी के लिए बता दें कि इस छोटे से वार्ड का क्षेत्र जैन विश्व भारती परिसर सहित आसपास का ही था, जिसमें पहली पट्टी का कुछ क्षेत्र, छठी पट्टी से लेकर गोपालपुरा रोड तक का कुछ क्षेत्र शामिल था। यहां ओसवाल, जाट, मुस्लिम एवं अन्य जातियों के मतदाता शामिल हैं। इस छोटे से वार्ड से भी निर्विरोध की कल्पना ही नहीं की जा सकती। यहां अंत तक मैदान में डटे रहने वाले कुल 6 प्रत्याशी रहे। यहां भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व पार्षद दीपक चौरड़िया को अपना उम्मीदवार बनाया था। अन्य सभी उम्मीदवार निर्दलीय थे। इनमें पूर्व पार्षद अनिल सिंघी, राजेश कुमार खटेड़ बाबूसा, रामधन मूंड, पवन स्वामी व द्रोपदी कंवर शामिल थे। बड़े ही आश्चर्य की बात है कि इन सब भारी-भारी उम्मीदवारों के बीच सबको मात देते हुए दूसरी पट्टी में बचपन स्कूल के पास रहने वाले एक नये लड़के पवन स्वामी (पुत्र पोकरदास स्वामी) ने पार्षद बनने का सौभाग्य प्राप्त किया। अब इन सभी उम्मीदवारों द्वारा प्राप्त किए गए मतों की जानकारी आप करेंगे तो आपको और भी आश्चर्य होगा। यहां जीतने वाले निर्दलीय प्रत्याशी पवन स्वामी को कुल मत 69 मिले और वह अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजेश कुमार खटेड़ को 12 मतों से हरा कर विजयी घोषित हुआ। राजेश कुमार खटेड़ को कुल 57 मत मिले। भाजपा प्रत्याशी दीपक चौरड़िया को 36 मत मिले, पूर्व पार्षद अनिल सिंघी को मात्र 20 मत मिले और रामधन मूंड को 39 व द्रोपती कंवर को मात्र 11 मत प्राप्त हुए। यहां एक वोट नोटा को भी मिला। यहां प्रत्याशियों को अपनी जमानत बचाने के लिए 38 वोटों की जरूरत थी, लेकिन भाजपा समेत तीन प्रत्याशी अपनी जमानत खो बैठे। इन्हें पर्याप्त मत नहीं मिल पाए।

kalamkala
Author: kalamkala

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पड़ गई

शहर चुनें

Follow Us Now