व्हाट्सअप और इंस्टाग्राम के मैसेज-कॉल से वशीभूत होकर घर में सबको सोया छोड़ भागी युवती या किया गया बहला-फुसलाकर अपहरण,
क्यों नहीं जागी युवती में पुत्रों के लिए ममता? पुलिस ने मामला किया दर्ज, जांच व तलाश जारी
लाडनूं (kalamkala.in)। मोबाइल फोन और इंस्टाग्राम सोशल मीडिया आदि के दुरुपयोग का परिणाम सामान्य वर्ग के परिवारों में भी देखने को मिल रहा है। यहां तेली रोड पर एक गली से एक युवती इसी चक्कर में रात को अपनी सास, देवर व पुत्रों सबको सोया छोड़ कर और गहने व नगदी लेकर घर से फरार हो गई। उसे अपने दो नाबालिग बच्चों का मोह तक नहीं जागा। महिला का पति व श्वसुर व्यापार के सिलसिले में विदेश रहते हैं। बताया गया है कि इस युवती के वाट्सअप नम्बर (मोबाईल) पर फोन कॉल आते थे, जिसका ट्रू-कॉलर पर ‘सेफ अली’ नाम आता है तथा उसके इंस्टाग्राम पर दो अनजान नाम सैफ अली (मि. सैफ8449) Saif Ali (mr saif8449) व हीना भाटी (सोनिया अंसारी) Hena bhati (_soniya_ansari) नामों से मैसेज, फोन कॉल आदि भी आते थे। इन्हें ही उसके भागने की वजह माना जा रहा है। ऐसा लगता है कि उस युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने वाला कोई सेफ अली नाम का व्यक्ति है। हालांकि यह संभावना भी है कि उसने ट्रूकालर पर और इंस्टाग्राम पर फ़र्जी नाम से एंट्री कर रखी हो। यहां हीना भाटी और सोनिया अंसारी के नाम भी जांच का विषय है।
सबको सोते हुए छोड़ कर गहने-नगदी लेकर भागी
इस युवती के भाग जाने की रिपोर्ट उसके देवर ने लाडनूं पुलिस थाने में दर्ज करवाई है, जिसके मुताबिक उसका बड़ा भाई व उसके पिता व्यापार के सिलसिले में विदेश रहते हैं। घर पर वह खुद, उसकी माता व उसकी भाभी व उसके दो भतीजे रहते हैं। 20 अक्टूबर को सुबह करीब 5 बजे जब उसकी माता सुबह उठी तो देखा कि मेरी भाभी (उम्र करीब 33 वर्ष) घर पर नहीं थी। तब उसकी माता ने उसे उठाया और उन्होंने मिल कर आस-पडौस में व रिश्तेदारों में पूछताछ की, परन्तु उसकी भाभी का कहीं पर भी पता नहीं चला। उन्होंने अपनी भाभी के दोनों फोन नम्बर पर फोन किया परन्तु उसका फोन स्विच-ऑफ आ रहा था। उन्होंने उसे ढूंढने का काफी प्रयास किया परन्तु उसकी भाभी कहीं पर भी नही मिली। तब उन्होंने घर पर देखा तो भाभी की अलमारी खाली पड़ी थी, अलमारी में रखे कपड़े, सोने-चांदी के जेवरात, नगदी रुपये आदि नहीं थे। उसकी भाभी अभी तक घर नहीं आई है और उसका अभी तक कहीं पता नही चल पाया है। उनका पूरा परिवार घबराया हुआ है तथा उसके दोनों नाबालिग भतीजे भी परेशान हैं।
व्हाट्सअप कॉल और इंस्टाग्राम के मैसेज व कॉल को बताया भागने का कारण
उसने इस रिपोर्ट में बताया है कि उसकी भाभी के वाट्सअप पर एक मोबाईल नम्बर से फोन कॉल आते थे, जिसका ट्रू-कॉलर पर सेफ अली नाम आता है तथा उसके इंस्टाग्राम पर दो अंजान नाम Saif Ali (mr saif8449) व Hena bhati (_soniya_ansari) से मैसेज, फोन कॉल इत्यादि भी आते थे। रिपोर्ट में पुलिस से उसका पता लगाने की गुहार की गई है। पुलिस ने इस रिपोर्ट से मामला जुर्म धारा 140 (3), बीएनएस के तहत दर्ज किया है। मामले की जांच व तलाश सहायक उप निरीक्षक गजेन्द्रसिंह कर रहे हैं।
जानें, क्या है धारा 140 (3)?
भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 140 (3) किसी व्यक्ति का इस आशय (इरादे) से अपहरण या व्यपहरण करने से संबंधित है, ताकि उसे गुप्त रूप से और अवैध (गलत) तरीके से बंदी बनाकर रखा जा सके (सदोष परिरोध)। यह पुराने भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 365 के बराबर है।



