रैगर समाज को शैक्षणिक, आर्थिक व राजनीति क्षेत्र में आगे लाने और लाडनूं में छात्रों के लिए लाइब्रेरी बनाने पर हुआ विचार,
अखिल भारतीय रेगर समाज राष्ट्रीय कार्यकारिणी के 25 दिसम्बर को होने वाले चुनाव को लेकर लाडनूं में रैगर समाज की बैठक आयोजित

लाडनूं (kalamkala.in)। अखिल भारतीय रैगर समाज राष्ट्रीय महासभा की कार्यकारिणी के आगामी 25 दिसम्बर को होने वाले त्रिवार्षिक चुनावों को लेकर गुरुवार को देर रात स्थानीय रैगर समाज भवन में एक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में रैगर समाज की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के चुनाव में प्रत्याशी के रूप में भाग ले रहे राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शंकरलाल नारोलिया एवं महासचिव पद के प्रत्याशी सुरेन्द्र कुमार बाकोलिया तथा उनके साथ रैगर समाज चूरू के जिलाध्यक्ष हजारीमल बाकोलिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दयानन्द कुलदीप, उपाध्यक्ष डॉ. सत्यनारायण धौलपुरिया, संगठन सचिव कृष्ण अवतार रेगर, रावतमल कानखेड़िया व कार्यकारिणी सदस्य देवीदत्त भी सम्मिलित हुए। इन सबके पहली बार लाडनूं पधारने पर लाडनूं की रैगर समाज विकास समिति की ओर से सबका स्वागत माल्यार्पण कर किया गया। समिति के संरक्षक प्रभुदयाल मुसलपुरिया, अध्यक्ष निर्मल कुमार मौर्य, मंत्री तुलसीराम सबलानिया, उपाध्यक्ष रामसिंह बालोटिया, संगठन मंत्री जसकरण धौलपुरिया, सहसचिव गंगाराम रैगर, संयुक्त सचिव मदनलाल मुसलपुरिया ने सभी अतिथिजनों का स्वागत किया। बैठक को सम्बोधित करते हुए सुरेन्द्र कुमार बाकोलिया ने बताया आगामी 25 दिसम्बर को राष्ट्रीय कार्यकारिणी के त्रिवार्षिक चुनाव होने हैं। जिसके लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए शंकरलाल नारोलिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए दयानन्द कुलदीप, उपाध्यक्ष डॉ. सत्यनारायण धौलपुरिया, महासचिव सुरेन्द्र कुमार बाकोलिया, संयुक्त सचिव कृष्ण अवतार रैगर चुनाव लड़ रहे हैं। आपको इस पूरे पैनल को अपना मत देकर विजयी बनाना है।बैठक में सत्यनारायण धौलपुरिया ने बताया कि उनकी टीम रैगर समाज को शैक्षणिक, आर्थिक व राजनीति क्षेत्र में आगे लाने के लिए निरन्तर प्रयासरत है। उन्होंने रैगर समाज का राजनीति क्षेत्र में वर्चस्व बनाने व समाज को एकजुट कर मजबूत बनाने पर विचार करने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही धौलपुरिया ने बताया सेवानिवृत कर्मचारी संघ की ओर से जयपुर व सीकर में रैगर समाज के लिए विद्यार्थियों के लिए होस्टल का निर्माण करवाया गया है। हमारी संस्थान ने प्रस्ताव दिया है कि रैगर समाज की सभी जगहों पर पुस्तकालय की स्थापना की जाए। रैगर समाज लाडनूं के अध्यक्ष निर्मल कुमार मौर्य ने स्थानीय रैगर समाज में एक लाइब्रेरी की जरूरत बताई और कहा कि इससे समाज के विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे वे लाइब्रेरी में बैठ कर पर्याप्त व आवश्यक अध्ययन करके अपनी परीक्षा उत्तीर्ण कर पाएंगे और उनका चयन राजकीय सेवा में हो सकेगा। इस बैठक में मोतीराम मौर्य, डाला राम सबलानिया, गोविन्द तुनगरिया, पार्षद महेन्द्र रैगर, दिनेश फुलवारिया, प्रह्लाद राम तुनगरिया, जयराज तुनगरिया, कमल किशोर, करणाराम मौर्य आदि उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन प्रकाशचंद मौर्य ने किया।



