लाडनूं क्षेत्र के जिला परिषद के वार्ड-3 के निर्दलीय प्रत्याशी मन्नालाल स्वामी ने लिया भाजपा प्रत्याशी शिव सिंह सांवराद के समर्थन में नाम वापस
लाडनूं (kalamkala.in)। जिला परिषद डीडवाना के लिए सदस्य पद के चुनाव में लाडनूं क्षेत्र के वार्ड नंबर 3 के निर्दलीय प्रत्याशी मन्नालाल स्वामी ने अपना नामांकन भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी शिव सिंह सांवराद के समर्थन में वापस ले लिया है। मन्नालाल स्वामी ने भाजपा से अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत करने के साथ ही निर्दलीय रूप में भी नामांकन दाखिल किया था। अब शिव सेना के प्रदेशाध्यक्ष मंजीतपाल सिंह सांवराद की समझाइश और प्रयास के बाद उन्होंने अपने नाम वापसी का निर्णय लिया। निर्दलीय प्रत्याशी मन्नालाल स्वामी द्वारा नामांकन वापसी के दौरान भाजपा ग्रामीण मंडव कसूम्बी के अध्यक्ष आनंद बागड़ा, आर.के. सुरपालिया, महेश स्वामी जसवंतगढ़, गोविंद स्वामी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। वार्ड नंबर 3 में हुए इस घटनाक्रम के बाद भाजपा प्रत्याशी की स्थिति में बदलाव आया है, जिसका श्रेय मंजीतपाल सिंह सांवराद को दिया जा रहा है। भाजपा प्रत्याशी शिव सिंह सांवराद की ओर से मन्नालाल स्वामी के इस निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया गया है। मन्नालाल स्वामी की नामांकन वापसी के बाद वार्ड नंबर 3 का चुनावी बदलाव को लेकर लोगों में चर्चा है। यह तो भविष्य ही बताएगा कि बदले हुए समीकरणों का कितना प्रभाव मतदाताओं के रुझान पर पड़ेगा।


