सिवरेज के पानी को उपचारित कर उसका पुनः उपयोग होगा, नगर पालिका को होगी इससे आय- असलम खान, लाडनूं के दयानन्द स्कूल में किया गया सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता कार्यक्रम आयोजित
सिवरेज के पानी को उपचारित कर उसका पुनः उपयोग होगा, नगर पालिका को होगी इससे आय- असलम खान,
लाडनूं के दयानन्द स्कूल में किया गया सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता कार्यक्रम आयोजित
लाडनूं (kalamkala.in)। सीवरेज परियोजना के कार्य कर रही राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना के सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता कार्यक्रम के तहत अधीक्षण अभियंता नेमीचंद पंवार एवं अधिशाषी अभियंता ओम प्रकाश साहू के निर्देशन में तथा सहायक अभियंता रियाज अहमद के मार्गदर्शन में स्थानीय दयानन्द सरस्वती शिक्षण संस्थान में कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को स्वच्छता का महत्व बताया और सीवरेज परियोजना की पूरी जानकारी दी। कार्यक्रम में कैप रुडीप के असलम खान ने स्वच्छता और सिवरेज परियोजना की जानकारी देते हुए बताया कि सबके घरों के स्नानघर, रसोईघर व शौचालयों को सीवर लाइन से जोड़ा जाएगा। आपकी कॉलोनी में अभी सीवरेज के कनेक्शन किये जा रहे हैं, तो सबको कनेक्शन करवाने चाहिए। उन्होंने बताया कि रूडीप द्वारा सीवरेज कनेक्शन पूर्ण निःशुल्क करवाये जा रहे हैं। कनेक्शन के लिए किसी भी प्रकार का कोई शुल्क या राशी नहीं देनी है। उन्होंने सीवरेज के फायदों के साथ ही सीवरेज की कार्य प्रणाली को भी समझाया। साथ ही सिवरेज के रखरखाव की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के ठोस पदार्थ और प्लास्टिक बैग को सीवरेज में ना डालें, इससे सीवरेज अवरुद्ध हो जाता है और रुकावट आती है। उन्होंने जानकारी दी कि सिवरेज के उपचारित पानी का भी पुनः उपयोग किया जाता हैं। इससे नगर पालिका को आय होगी, जो शहर के विकास में काम आएगी। उन्होंने बताया कि सिवरेज को लेकर किसी भी प्रकार के सुझाव एवं शिकायत हो तो उसके लिए टोल फ्री नंबर 1800 212 2300 पर दर्ज करवाया जा सकता है। कार्यक्रम में विद्यालय निदेशक हरेकृष्ण शर्मा ने कहा कि यह परियोजना शहर की स्वच्छता व्यवस्था को नई दिशा देगी। इससे न केवल स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में कमी आएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी व्यापक लाभ मिलेगा। साथ ही कहा कि स्वच्छ शरीर रहने से ही स्वस्थ रहा जा सकता है। यह अभियान लोगों के बीच स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाता है, जिससे शहर स्वच्छ और सुंदर बने। विद्यालय व्यवस्थापक महावीर ने कहा कि शीघ्र ही विधार्थियों को सिवेरज ट्रीटमेंट प्लांट का भ्रमण कराया जायेगा। विद्यालय परिवार के निरूपा, कोमल, पूजा, श्रवण, प्रकाश सहित समस्त अध्यापकगण ने भी कार्यक्रम में भागीदारी की।