राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिताओं में लाडनूं क्षेत्र के बच्चों ने श्रेष्ठ प्रदर्शन से किया अपना नाम,
अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट 2026 में लाडनूं के चार प्रतिभागियों ने हासिल किए उत्कृष्ट स्थान, अणुव्रत समिति लाडनूं के पदाधिकारियों ने गौरव बढाने के लिए दी बधाई एवं शुभकामनाएं
लाडनूं (kalamkala.in)। अणुव्रत विश्व भारती सोसाइटी (अणुविभा) के तत्त्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट (एसीसी) 2026 की प्रतियोगिताएँ एवं सम्मान समारोह परम पूज्य युगप्रधान आचार्यश्री महाश्रमणजी के पावन सान्निध्य में सफलतापूर्वक संपन्न हुए। इस राष्ट्रीय स्तरीय आयोजन में लाडनूं क्षेत्र के चार प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उल्लेखनीय स्थान प्राप्त किए। इस उपलब्धि को अणुव्रत समिति लाडनूं अपने लिए गौरव और हर्ष का विषय मानती है।समारोह में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल की गरिमामय उपस्थिति रही। साथ ही अणुविभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रताप सिंह दूगड़, महामंत्री मनोज सिंघवी, एसीसी के राष्ट्रीय संयोजक राजेश चावत तथा पर्यवेक्षक एवं अणुविभा उपाध्यक्ष कुसुम लुनिया सहित अणुविभा एवं एसीसी की पूरी टीम उपस्थित रही।कार्यक्रम के दौरान युवाचार्यश्री महावीर कुमार ने बच्चों को उद्बोधित करते हुए उनका मार्गदर्शन किया। इसके पश्चात अणुव्रत समिति के आध्यात्मिक पर्यवेक्षक मुनिश्री मनन कुमार ने बच्चों को योगाभ्यास के साथ प्रेरणापाथेेय प्रदान किया तथा उन्हें नैतिक मूल्यों, अनुशासन एवं सदाचरण के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
इन सबने पाया प्रतियोगिताओं में उच्च स्थान
प्रतियोगिता में श्री सुभाष बोस उच्च माध्यमिक विद्यालय लाडनूं की मोनू कंवर चारण ने वरिष्ठ वर्ग की भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं वृंदा फाउंडेशन इंग्लिश मीडियम स्कूल, जसवंतगढ़ की कृष्णा प्रजापत ने वरिष्ठ वर्ग की चित्रकला प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान अर्जित किया। कविता प्रतियोगिता में तापड़िया आचार्य संस्कृत महाविद्यालय जसवंतगढ़ की काव्या खांडल ने वरिष्ठ वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बचपन प्ले स्कूल लाडनूं के हार्दिक भंसाली ने कनिष्ठ वर्ग में तृतीय स्थान हासिल कर लाडनूं का गौरव बढ़ाया। अणुव्रत समिति लाडनूं के अध्यक्ष शांतिलाल बैद, मंत्री श्रीमती राज कोचर तथा एसीसी 2026 के लाडनूं संयोजक नवीन नाहटा के अथक प्रयासों, सक्रिय सहयोग एवं समर्पित कार्यशैली से लाडनूं की सहभागिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई। अणुव्रत समिति लाडनूं ने सभी विजेता प्रतिभागियों, उनके विद्यालयों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। समिति ने इस उपलब्धि को लाडनूं के लिए सामूहिक गौरव का क्षण बताते हुए अणुव्रत के नैतिक एवं रचनात्मक मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाने के अपने संकल्प को दोहराया।



