मोबाइल के अधिक उपयोग से एकाग्रता, स्मरण शक्ति और स्वास्थ्य को गहरा नुकसान- बीके मनोज शर्मा,
जसवंतगढ़ में ‘नई चेतना से सशक्त भारत’ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में लगातार मोबाइल देखने से होने वाले आंखों, गर्दन और नींद पर दुष्प्रभाव बताए

लाडनूं (kalamkala.in)। ब्रह्मा कुमारीज संस्थान के एजुकेशन विंग, राजयोग एजुकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन एवं ब्रह्मा कुमारीज, सुजानगढ़ के तत्वावधान में चल रहे राष्ट्रव्यापी अभियान ‘आंतरिक शक्ति और मूल्य-आधारित शिक्षा में सकारात्मक बदलाव के लिए एक शैक्षिक अभियान’ (AN EDUCATION CAMPAIGN for Positive Change in Inner Strength & Value-Based Education) ‘नई चेतना से सशक्त भारत’ के अंतर्गत जसवंतगढ स्थित तापरड़िया आईटीआई कॉलेज में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में ब्रह्मा कुमारीज सुजानगढ़ के बीके मनोज शर्मा ने विद्यार्थियों को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज युवा पीढ़ी मोबाइल का अनावश्यक उपयोग कर अपनी एकाग्रता, स्मरण शक्ति और स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा रही है। शर्मा ने कहा कि लगातार मोबाइल देखने से आंखों, गर्दन और नींद पर बुरा असर पड़ता है। सोशल मीडिया और गेम्स की लत से पढ़ाई में मन नहीं लगता और तनाव बढ़ता है।मोबाइल का सही उपयोग ज्ञान बढ़ाने और स्किल सीखने के लिए करना चाहिए, समय बर्बाद करने के लिए नहीं।इस अवसर पर विद्यार्थियों को राजयोग मेडिटेशन के द्वारा मन को शांत और एकाग्र करने के सरल अभ्यास भी कराए गए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मोबाइल का सीमित और सकारात्मक उपयोग करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में कॉलेज स्टाफ के साथ बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। संस्था प्रबंधन ने ब्रह्मा कुमारीज के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को सही दिशा देने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।



