लाडनूं में दिनदहाड़े घर में घुस लाखों के जेवरात व नकदी की की चोरी, मकान मालिक दुबई से घर लौटा था और उसी दिन किया चोरों ने हाथ साफ,
दो-तीन घंटों के लिए मकान मालिक अपने परिवार सहित गया था शादी में और पीछे से चोरों ने बनाया मकान को निशाना, सीसीटीवी कैमरे बंद कर घुसे अंदर

लाडनूं (kalamkala.in)। यहां सुनारी रोड पर स्थित एक मकान में चोरों ने दिनदहाड़े ही लाखों की चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दे डाला। दुबई से उसी दिन लौटे मकान मालिक के घर चोरों ने संध्या पूर्व ही सेंध लगा कर हाथ साफ कर डाले। लगता है चोर कोई आस पास के ही थे, जिन्हें इस परिवार की पल-पल की खबर थी। यह मामला है दुबई से लौटे मो. अनवर पुत्र चांद मोहम्मद सिलावट के मकान का है, जिसमें वे अपने साले के वैवाहिक समारोह में शामिल होने के लिए लाडनूं में ही मात्र दो-तीन घंटों के लिए परिवार सहित जाने पर पीछे से चोरों ने हाथ साफ कर डाले। प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 नवम्बर को अपराह्न बाद दुबई से आया मो. अनवर सिलावट अपने परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर के दरवाजे के ताले तोड़कर मकान में प्रवेश किया और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। इस चोरी में चोरों द्वारा चोरी किए गए हुए सामान में करीब 20 तोला सोना के जेवर, करीब 3 किलो चांदी के जेवर और इनके साथ लगभग 3 लाख रुपये नकद एवं विदेशी करेंसी दुबई की मुद्रा 1,000 दिरहम शामिल थी। बताया जा रहा है कि परिवार करीब तीन घंटे तक शादी समारोह में रहा और इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। खास बात यह है कि पीड़ित अनवर अली उसी दिन दुबई से अपने घर लौटे थे।
रिपोर्ट में दी चोरी की वारदात की पूरी जानकारी
इस मामले की रिपोर्ट मो. अनवर पुत्र चान्द मोहम्मद सिलावट, निवासी वार्ड नं. 4, सुनारी रोड़ लाडनूं ने पुलिस को दी है, जिसमें बताया गया है कि 19 नवम्बर को दिन में वह विदेश से आया था एवं आने के बाद अपने साथ लाये रूपये व सामान आदि घर पर रख दिये थे। कुछ रेस्ट आदि कर दोपहर बाद करीब 5 बजे वह अपने परिवार के सभी सदस्यों के साथ घर के ताले लगाकर शादी समारोह में अपने साला अल्ताफ के घर जावा बास लाडनूं गये थे। वहां से वे वापिस शाम करीब 8 बजे घर पहुंचे, तब देखा कि घर के मुख्य धोरीमोड़ा का ताला टूटा हुआ था एवं घर के अन्दर कमरे में रखी लोहे की अलमारी का ताला टूटा हुआ मिला। तब उसने देखा तो उसके घर के कमरे में रखी लोहे की अलमारी में रखा सामान सोने के हार 3-3 भरी के वजनी नग 2, सोने की चैन नग 2 वजन 3-3 भरी की, सोने की अंगूठी नग 13 वजन करीब 3 भरी, कान की सोने की बालियां नग 6 वजन करीब 2 भरी, चांदी के सामान में पायल, कड़ूला आदि सामान वजन करीब डेढ किलो व अन्य छोटे-मोटे सोने के जेवरात नाक के कांटा, बाली आदि सामान व नकदी रूपये तीन लाख व एक हजार विदेशी मुद्रा दिहराम भी नहीं मिले, जो कोई अज्ञात चोर शाम 5 से 8 बजे के बीच में चुराकर ले गया है।
चोरों ने सबसे पहले किए सीसीटीवी कैमरे बंद
इन अज्ञात चोरों ने उसके घर की दीवार फांदकर घर पर लगे सीसीटीवी कैमरों को घर में घुसने से पहले बिजली का मैन स्वीच बंद करके बंद कर दिया, फिर वे घर के अन्दर घुसे थे। 20 नवम्बर को यह रिपोर्ट दर्ज कर लाडनूं पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। चोरी की वारदात की सूचना पर एएसआई ताराचंद ने मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस से उम्मीद है कि शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी हुआ सामान बरामद कर लिया जाएगा।


