लाडनूं पंचायत समिति में प्रधान पद पर चतुष्कोणीय संघर्ष, मतदान से पहले चर्चाएं हुई तेज,
कांग्रेस, भाजपा, आरएलपी के अलावा भाजपा के बागी ओमप्रकाश बागड़ा ने भी खम ठोका
लाडनूं (kalamkala.in)। पंचायत समिति लाडनूं के प्रधान पद को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस, भाजपा और आरएलपी सहित कुल चार नाम निर्देशन पत्र दाखिल हुए, जिनकी संवीक्षा में सभी सही पाए गए और उन्हें स्वीकृत किया गया। निर्धारित समय तक कोई भी नाम वापसी नहीं होने पर प्रधान पद के लिए मैदान में चार उम्मीदवार रह गए। चुनाव के लिए विधिमान्य अभ्यर्थियों में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के उम्मीदवारों में कांग्रेस से बसु मण्डा पत्नी महेन्द्र मण्डा निवासी निम्बी जोधा (चुनाव चिह्न हाथ) और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी की ओर से रचना पत्नी नरेन्द्र निवासी मालगांव (चुनाव चिह्न बोतल) और भारतीय जनता पार्टी की ओर से राज श्री पत्नी करणी सिंह निवासी करणी निवास मालासी रोड़ लाडनूं (चुनाव चिह्न कमल) हैं तथा अन्य अभ्यर्थी के रूप में निर्दलीय ओम प्रकाश शर्मा (बागड़ा) पुत्र गणपत राम निवासी ग्राम कसुम्बी अलीपुर तहसील लाडनूं (चुनाव चिह्न सेब) हैं। इनमें ओमप्रकाश बागड़ा पंचायत समिति सदस्य का चुनाव भाजपा के टिकट से लड़ा था और अब वे निर्दलीय के रूप में भाजपा से विद्रोह करके निर्दलीय रूप में चुनाव मैदान हैं। अब कैसा समीकरण रहेगा और प्रधान के पद पर किसका अधिकार रहेगा, इसे लेकर जन सामान्य में चर्चाएं काफी तेज हैं।



