लाडनूं में बेसहारा सांडों की भिड़ंत में एक महिला की मौत के बाद भड़के लोग, नगर पालिका ने समाधान के लिए किया आश्वस्त,
पार्षद उमरदीन के नेतृत्व में नगर पालिका कार्यालय का घेराव, धरना और ज्ञापन सौंप कर मृतका के परिवार के लिए मुआवजा की मांग के साथ जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई, समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई गई

लाडनूं (kalamkala.in)। यहां शहरिया बास में पैदल जा रही एक महिला के सांडों की लड़ाई की चपेट में आने से हुई मौत के बाद लोगों में गहरा गुस्सा है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोग कार्रवाई के लिए एक ज्ञापन लेकर नगर पालिका कार्यालय में पहुंचे। वहां कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं मिलने पर लोग काफी भड़क गए और वहां परिसर में ही धरना लगा कर बैठ गए। नगर पालिका के लेखा अधिकारी राजेंद्र सिंह पंवार ने उनसे समझाइश की और ज्ञापन लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस ज्ञापन को स्वीकार करते हुए उन्होंने बताया कि इसके लिए टेंडर हो रहे हैं, शीघ्र ही इस समस्या का निस्तारण हो पाएगा। उन्होंने बताया कि ईओ वगैरह इलेक्शन के सम्बन्ध में गये हुए हैं। वे ज्ञापन उन तक पहुंचा देंगे। मुआवजा सम्बन्धी निर्णय अधिकारियों के हाथ में ही है। गौरतलब है कि लाडनूं शहरिया बास ही नहीं गांधी चौक सब्जी मण्डी, बस स्टेंड, रेलवे स्टेशन, कमल चौक, मालियों का बास और अन्य प्रमुख स्थानों पर निराश्रित पशुओं के कारण लोग भयभीत हैं और इनके कारण आए दिन हादसे और नुकसान होता रहता है और जनहानि की आशंका बनी रहती है। अब नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी ने स्वास्थ्य निरीक्षक रामचन्द्र पूनिया और जमादार महेन्द्र कुमार को निर्देशित किया है कि वे तुरंत प्रभाव से इन बेसहारा पशुओं को शहर से हटाकर सुरक्षित गौशाला पहुंचाना सुनिश्चित करें।
पार्षद उमरदीन के नेतृत्व में पालिका कार्यालय में धरना दिया और ज्ञापन सौंपा
लाडनूं के वार्ड नं. 9 के पार्षद उमरदीन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में आए महिला-पुरुष नागरिकों ने जिला कलेक्टर, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी और अध्यक्ष के नाम के ज्ञापन सौंप कर लाडनूं नगरपालिका क्षेत्र में आवारा सांड के हमले से महिला की मृत्यु होने पर जिम्मेदार लापरवाह अधिकारियों की जांच करने, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाए जाने एवं आवारा पशुओं की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। नागरिकों ने नगर पालिका में कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं मिलने पर वहां धरना देकर बैठ गये। नगर पालिका के लेखाधिकारी राजेन्द्र सिंह पंवार ने सबको समझाइश की और बताया कि बेसहारा पशुओं को पकड़ कर नंदीशाला व गौशालाओं में भिजवाने के लिए टेंडर किया हुआ है और शीघ्र ही समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा। पंवार ने उनसे ज्ञापन भी प्राप्त किया।
जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ जांच और कार्यवाही की जाए
शहर के सर्व समाज के नागरिकों की ओर से दिए गए इस ज्ञापन में बताया गया है कि 25 नवंबर को लाडनूं नगरपालिका क्षेत्र में एक अत्यंत दु:खद एवं गंभीर घटना घटित हुई, जिसमें आवारा सांड के हमले से एक महिला की गंभीर रूप से घायल होकर मृत्यु हो गई। इस दु:खद घटना से पीड़ित परिवार के साथ समस्त आम नागरिकों की सुरक्षा एवं नगरपालिका की जिम्मेदारियों पर गंभीर प्रश्न खड़े हो गए हैं। नगरपालिका क्षेत्र में बेसहारा पशुओं का खुलेआम घूमना आम नागरिकों, महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। यदि समय रहते ऐसे खतरनाक पशुओं को पकड़ने एवं सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की उचित व्यवस्था की जाती, तो संभवतः इस प्रकार की दुखद घटना को रोका जा सकता था। ज्ञापन में इस घटना के संबंध में कतिपय बिंदुओं पर तत्काल कार्रवाई किया जाना आवश्यक बताया गया है, जिनमें घटना की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच करवाई जाने तथा संबंधित क्षेत्र में आवारा सांड को पकड़ने के लिए पहले कोई कार्रवाई की गई थी या नहीं, का पता लगाने की मांग शामिल है। साथ ही इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। यदि जांच में नगरपालिका के संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों अथवा ठेकेदार की लापरवाही सामने आती है, तो उनके विरुद्ध नियमानुसार विभागीय एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।
पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाने सहित विभिन्न मांगें
ज्ञापन में सांड के हमले से हुई मौत के मामले में मृतका के परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा प्रदान किया जाने, राजस्थान हाईकोर्ट द्वारा आवारा सांड के हमले में महिला की मृत्यु के मामले में दिए गए निर्णय को ध्यान में रखते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाने की मांग की गई है। साथ ही आवारा पशुओं को पकड़ने की व्यवस्था करने की मांग भी उठाई गई है। इसमें लाडनूं नगरपालिका क्षेत्र में घूम रहे आवारा एवं खतरनाक सांडों को तत्काल पकड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाने तथा उनके लिए स्थायी व्यवस्था की जाने की मांग शामिल है।भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति की रोकथाम की मांग करते हुए ज्ञापन में लिखा गया है कि नगरपालिका क्षेत्र में आवारा पशुओं की शिकायतों को दर्ज किया जाने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए तथा शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस गंभीर घटना को संज्ञान में लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने, पीड़ित परिवार को न्याय एवं उचित मुआवजा दिलवाया जाने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाने की मांग करते हुए चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय में उचित कार्रवाई नहीं की जाने पर पीड़ित परिवार को संबंधित उच्च अधिकारियों एवं सक्षम न्यायालय के समक्ष अपनी शिकायत प्रस्तुत करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। यह ज्ञापन देने वालों में पार्षद उमरदीन एवं मृतका के परिजन और पीड़ित परिवार के सदस्य अब्दुल खालिद के अलावा जावेद रिजवी, मुराद, सलीम खां, तालिब खां, अबरार, नूर मोहम्मद, सोयल खां, आरिफ, रहमान, सदीक, आसिफ, इमरान, सफी मोहम्मद, मो. रफीक आदि बड़ी संख्या में नागरिक शामिल रहे।


