जिला पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर का डीजीपी डिस्क एवं महानिदेशक पुलिस प्रशस्ति पत्र से किया गया सम्मान,
पुलिस सेवा में उत्कृष्ट कार्य-दक्षता, कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से कार्य के लिए हुआ सम्मान
डीडवाना (kalamkala.in)। जिला डीडवाना-कुचामन की जिला पुलिस अधीक्षक श्रीमती ऋचा तोमर (आई.पी.एस.) को तीसरी बार ‘डीजीपी डिस्क’ एवं ‘महानिदेशक पुलिस प्रशस्ति पत्र’ से सम्मानित किया गया है। उनके द्वारा पुलिस सेवा में उत्कृष्ट कार्य-दक्षता, कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने के परिणाम स्वरूप उन्हें यह सम्मान दिया गया है। अजमेर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस कार्यालय में मुख्यालय पर आयोजित अपराध समीक्षा बैठक के दौरान एसपी ऋचा तोमर को यह सम्मान 3 अप्रैल शुक्रवार को प्रदान किया गया। उन्हें यह सम्मान पुलिस महानिदेशक राजस्थान राजीव कुमार शर्मा जयपुर के निर्देशानुसार आर्म्स बटालियन एवं एसडीआरएफ के एएडीजी रूपेन्द्र सिंह (आई.पी.एस.) तथा पुलिस महानिरीक्षक अजमेर राजेन्द्र सिंह (आई.पी.एस.) द्वारा प्रदान किया गया। एसपी ऋचा तोमर को उत्कृष्ट कार्यों के लिए यह सम्मान दिया गया है। श्रीमती ऋचा तोमर द्वारा कानून व्यवस्था को सुदृढ बनाए रखने, अपराध नियंत्रण में प्रभावी कार्यवाही करने, आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने, पुलिस कार्यप्रणाली में नवाचार लागू करने आदि सराहनीय कार्यों के फलस्वरूप प्रदान किया गया है। श्रीमती ऋचा तोमर के प्रभावी नेतृत्व में जिला डीडवाना-कुचामन में पुलिस द्वारा विभिन्न विशेष अभियानों के माध्यम से अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया गया है तथा आमजन को त्वरित, पारदर्शी एवं संवेदनशील पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।







