अन्तर्राज्यीय नकबजनी गैंग के चार शातिर लोगों को मौलासर पुलिस ने दबोचा, एक कार बरामद, जसवंतगढ़ थाना क्षेत्र की चोरियों सहित अनेक चोरियों की वारदातें स्वीकार की, मुलजिमों पर विभिन्न क्षेत्रों में बहुत सारे मुकदमे लम्बित

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

अन्तर्राज्यीय नकबजनी गैंग के चार शातिर लोगों को मौलासर पुलिस ने दबोचा, एक कार बरामद,

जसवंतगढ़ थाना क्षेत्र की चोरियों सहित अनेक चोरियों की वारदातें स्वीकार की, मुलजिमों पर विभिन्न क्षेत्रों में बहुत सारे मुकदमे लम्बित

डीडवाना/ मौलासर (kalamkala.in)। मौलासर पुलिस द्वारा रात्रि के समय महिलाओं के आभूषण लूटने की विभिन्न क्षेत्रों में करीब सैंकड़ों वारदातें करने वाली अन्तर्राज्यीय आपराधिक गैंग पर प्रभावी कार्रवाई की गई है। यह बावरिया गैंग है, जो डीडवाना-कुचामन एवं सीमावर्ती जिलों में भी रात्रि के समय में नकबजनी की वारदातों को अंजाम देती रही है। पुलिस थाना मौलासर पर दर्ज प्रकरण संख्या 62/2025, दिनांक 26.04.2025 धारा 333, 304 (2) बीएनएस-2023 में अभियुक्त जगदीश उर्फ प्रकाश, देशराज, कमलेश व रामकुंवार, इन चार को गिरफ्तार किया गया है। इसका खुलासा करते हुए पुलिस ने इस गैंग का जगदीश बावरिया अंतरराज्यीय नकबजन है। इन आरोपियों ने महिलाओं के आभूषण लूटना, वाहनों से डीजल चुराना, बकरियां चुराना तथा राहगीरों से लूट जैसी घटनाओं को स्वीकार किया। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी शातिर प्रवृत्ति के नकबजन हैं। पुलिस ने इनके द्वारा वारदातों में प्रयुक्त की जाने वाली गाड़ी ‘आई-20’ कार को भी बरामद किया है। इस गैंग द्वारा आस-पास के जिलों में 20 से अधिक वारदातों को अंजाम दिया जाना स्वीकार किया जा चुका है।

घर के चौक में सो रही महिला का मंगलसूत्र व लोकेट लूटा

पुलिस थाना मौलासर में गत 26 अप्रेल को धुड़ सिंह पुत्र मदन सिंह राजपूत निवासी ललासरी ने एक लिखित रिपोर्ट पेश की कि 24 अप्रेल की रात्रि करीब एक 1.30 बजे वे अपने घर में परिवार सहित सो रहे थे। उस समय चार बदमाश एक सफेद रंग की गाड़ी से आये तथा चौक में सो रही पत्नी का मंगलसूत्र व लोकेट लूट कर ले गये। इस रिपोर्ट पर प्रकरण संख्या 62/2025 धारा 333, 304 (2) बीएनएस में दर्ज कर अनुसंधान धानाधिकारी जितेन्द्र सिंह उ.नि. द्वारा शुरू किया गया। जिले भर में चोरी, नकबजनी, लूट, छीना-झपटी जैसी लगातार हो रही वारदातों को ध्यान में रखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक डीडवाना हनुमान प्रसाद मीणा द्वारा गठित डीएसटी टीम एवं थानाधिकारी पुलिस थाना मौलासर के नेतृत्व में एक गठित विशेष टीम द्वारा प्रकरण में वारदात स्थल के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज चैक किए, जिसमें एक आई-20 कार संदिग्ध नजर आई। उक्त कार की तलाश के लिए लगभग 400-500 सीसीटीवी कैमरों को चैक किया गया एवं तकनीकी तरीकों से सूक्ष्म से सूक्ष्म साक्ष्य जुटाए जाकर संदिग्धों की पहचान कर उनके आने-जाने के रूट के संबंध में आसूचना संकलित की गई। टीम द्वारा आरोपियों के ठिकानों की पहचान कर आरोपियों को पकड़ा जाकर उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कार आई-20 को जप्त किया गया। आरोपियों से गहनता से अनुसंधान किया जा रहा है।

किराए की लक्जरी गाड़ियां लेकर करते हैं वारदातें

इस नकबजनी गिरोह का मास्टरमांइड जगदीश बावरिया है, जो दिन में अपने टारगेट की रैकी करते हैं। रात्रि के समय अपनी गैंग के सदस्यों के साथ जिला डीडवाना-कुचामन व समीपवर्ती जिला के थाना क्षेत्रो में आई-20 कार से रात्रि में सो रही व राह चलती अकेली महिलाओं के आभूषण छीना-झपटी कर तोड़ कर ले जाने व पेट्रोल पम्प, होटल-ढाबों पर खडी ट्रक-बस में से डीजल चोरी करने व सूनसान इलाकों में अकेले व्यक्तियों को देखकर लूट करना व सड़क के किनारों से बकरियां चोरी कर ले जाने जैसी वारदातों का अंजाम देते हैं। इस गैंग ने जिला सीकर में काले रंग की थार गाड़ी व एक्सयूवी 300, ओरा जैसी लग्जरी गाड़ियां किराये पर लेकर इस प्रकार की वारदातों को अंजाम दिया है।

सीकर व सवाई माधोपुर जिले के हैं चारों आरोपी

मौलासर पुलिस द्वारा इस गैंग के पकड़े गए मुल्जिमानों में सीकर व सवाई माधोपुर जिले के रहने वाले हैं, जिनमें जगदीश उर्फ प्रकाश (32) पुत्र रामस्वरूप उर्फ बंशी लाल बावरिया निवासी झाड़ली की तलाई,पावर हाउस के पास दातांरामगढ़ (जिला सीकर), देशराज (22) पुत्र रामवतार बावरिया निवासी बोरखेड़ा, पुलिस थाना बोली (जिला सवाई माधोपुर), कमलेश (23) पुत्र रखलाल बावरिया, निवासी भेडोली पुलिस थाना बोली (जिला सवाई माधोपुर) तथा रामकुंवार (19) पुत्र पाबुदान बावरीया निवासी गुरारा पुलिस थाना खण्डेला (जिला सीकर) शामिल हैं। ये सभी महिलाओं के आभूषण छीनने, नकबजनी, लूट जैसी विभिन्न वारदातों को अंजाम देने वाली गैंग में शामिल हैं। इनको जिला पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद मीणा व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा के सुपरविजन में वृताधिकारी धरम पूनियां, जिला विशेष दल व थानाधिकारी मौलासर जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में जिले में लगातार हो रही चोरी, नकबजनी, लूट जैसे गंभीर अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों की धरपकड़ में प्रभावी कार्रवाई करते हुए पकड़ा गया है। इस नकबजनी गैंग को पकड़ने वाली पुलिस टीम में मौलासर थानाधिकारी जितेन्द्रसिंह, डीएसटी के प्रभारी राजेश कुमार, हेड कांस्टेबल मोहम्मद सईद, विजेन्द्र, मुकेश, डीएसटी के कांस्टेबल रिछपाल, सुशील, सुरेन्द्र और पवन शामिल रहे।

जसवंतगढ़ की 2 वारदातों सहित डीडवाना जिले की 8 वारदातें कबूली

इस नकबजनी गैंग द्वारा अलग-अलग जिलों की विभिन्न वारदातों को स्वीकार किया गया है। इन वारदातों में जिला डीडवाना में की गई अनेक वारदातें भी शामिल हैं। इनमें पुलिस थाना मौलासर के गांव लुणोदा से महिला का बोरला तोड़ने, पुलिस थाना मौलासर के गांव ललासरी में महिला के गले से मंगलसूत्र व लॉकेट छीनने-तोड़ने, पुलिस थाना जसवंतगढ़ के ग्राम मीठड़ी में झाडू़ निकाल रही महिला का मंगलसूत्र व मादलिया ले जाने, पुलिस थाना जसवंतगढ़ के ग्राम मीठड़ी में घर में घुसकर सो रही महिला पैरों के कड़े लूटने, पुलिस थाना डीडवाना के ग्राम खिचिंयाबासनी के एक घर से 4 मोबाईल फोन चोरी करने, पुलिस थाना डीडवाना के ग्राम रघुनाथपुरा से एक महिला का मंगलसूत्र ले जाने, पुलिस थाना डीडवाना के मैला मैदान नागौर रोड़ स्थित बंजारों के डेरों से महिला की कंठी तोड़ने की वारदातें स्वीकार कुछ गई है।

सीकर जिले में वाहन चालकों से लूट, वाहन चोरी, डीजल-पेट्रोल चोरी आदि तीन दर्जन वारदातें स्वीकार की

इसी गैंग ने डीडवाना जिले के अलावा जिला सीकर में भी अनेक वारदातें की गई। इनमें से इनके द्वारा कबूल की गई वारदातों में पुलिस थाना नेछवा के ग्राम शाहपुरा के पास पिकअप चालक से मोबाईल एवं 4500 रूपये लूटने, पुलिस थाना नेछवा के ग्राम शाहपुरा से 8-10 किमी दूर ढाणी से एक मोटरसाईकिल चोरी करने, सीकर के आस-पास के इलाकों से खड़ी बड़ी गाड़ियों में से डीजल चोरी करने, सीकर के गांव सबलपुरा के पास एक महिला के सोने की चैन तोड़ने, सीकर के आस-पास सड़क के पास सो रहे ट्रेक्टर चालक का मोबाईल फोन लूटने, ग्राम मोरडुंगा में दो मन्दिरों एवं एक दुकान में चोरी करना स्वीकार किया है, जिसके संबंध में पुलिस थाना धोद पर प्रकरण संख्या 20/2025 धारा 305ए बीएनएस में दर्ज है। इनके अलावा जिला सीकर के ग्राम मौल्यासी से बंद मकानों से सामान चोरी करके ले जाना भी स्वीकार किया, जिसका पुलिस थाना धोद पर प्रकरण संख्या 32/2025 धारा 305 ए बीएनएस में प्रकरण दर्ज है। जिला सीकर के ग्राम पेवा से मंदिर से छत्र चोरी करके ले जाना भी स्वीकार किया है, जिसके संबंध पुलिस थाना धोद पर प्रकरण संख्या 32/2025 धारा 305ए बीएनएस में प्रकरण दर्ज है।जिला सीकर के लक्ष्मणगढ, धोद, नेछवा, दांतारामगढ थाना हल्का क्षेत्र के आस-पास के क्षेत्रों में बकरी चोरी करने बड़े वाहनों से डीजल निकालने, राहगीरों से मोबाईल फोन छीनने व लूट जैसी 20-25 वारदातें कारित करना स्वीकार किया है। जिला सीकर कस्बा में स्थित रेलवे फाटक क्रॉस करके घर में सो रही महिला के मंगलसूत्र, दो लोकेट व एक नाक की बाली तोड़ना भी स्वीकार किया है।

गैंग के मुलजिमों का आपराधिक रिकॉर्ड

इस लुटेरी गैंग के सदस्यों के खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में मुकदमे दर्ज हैं। गैंग के सरगना जगदीश उर्फ प्रकाश पुत्र रामस्वरूप उर्फ बंशी लाल बावरी के विरूद्ध दर्ज आपराधिक प्रकरणों में 571/08.11.2022 पुलिस थान सदर सीकर, 20/20.01.2022 धारा पुलिस थाना डीडवाना, 279/27.10.2022 धारा पुलिस थाना लक्ष्मणगढ़, 27/27.01.2022 धारा पुलिस थाना डीडवाना, 13/11.01.2022 धारा पुलिस थाना डीडवाना शामिल हैं। इन मामलों में इन पर चार्जशीट भी दी जा चुकी, जो प्रकरण सं. 263/31.12.2023 धारा 457,380 आईपीसी, 170/16.12.2022 धारा 379,427 आईपीसी, 77/24.07.2022 धारा 136 विद्युत अधिनियम, 51/31.05.2022 धारा 136 विधुत अधिनियम, 50/31.05.2022 धारा 136 विद्युत अधिनियम शामिल हैं। विभिन्न पुलिस थानों के मामलों की पूरी पड़ताल की जा रही है।

kalamkala
Author: kalamkala

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पड़ गई

शहर चुनें

Follow Us Now