आचार्य महाश्रमण के लाडनूं आगमन व प्रवास के दृष्टिगत लाडनूं के सौंदर्यकरण व विकास के लिए की विशेष बजट की मांग,
प्रमुख शासन सचिव रवि जैन के लाडनूं आगमन पर किया गया भव्य स्वागत व दिया ज्ञापन


लाडनूं (kalamkala.in)। राजस्थान सरकार में प्रमुख शासन सचिव रवि जैन के लाडनूं आगमन पर भाजपा नेता ठा. करणी सिंह की ओर से उनके प्रतिनिधि मंडल द्वारा रवि जैन का स्वागत साफा पहनाकर व माल्यार्पण करके किया गया। इस अवसर पर सचिव रवि जैन से लाडनूं में आचार्य महाश्रमण के प्रवास काल में नगर के शीघ्र सौंदर्यीकरण के लिए विशेष रूप से कहा गया तथा उन्हें इस सम्बन्ध में एक ज्ञापन भी सौंपा गया।भाजपा नेता ठाकुर करणी सिंह लाडनूं की ओर से प्रमुख शासन सचिव रवि जैन को दिए गए इस ज्ञापन में बताया गया है कि फरवरी 2026 में आचार्य श्री महाश्रमण के प्रवास को देखते हुए लाडनूं शहर के सौंदर्यकरण एवं विकास के लिए विशेष बजट आवंटित किया जाए। इसमें लिखा गया है कि फरवरी 2026 में आचार्य श्री महाश्रमण का लाडनूं चातुर्मास और 13 माह का विशेष प्रवास का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस अवसर पर देशभर और विश्वभर से संतजन, साध्वीगण, उद्योगपति, सामाजिक कार्यकर्ता एवं राजनेता आदि लाडनूं में पधारेंगे। यह कार्यक्रम न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा, बल्कि यह लाडनूं की पहचान, संस्कृति एवं सामाजिक समरसता को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का एक विशिष्ट अवसर भी है। इस महत्वपूर्ण अवसर को दृष्टिगत रखते हुए लाडनूं शहर के सौंदर्यकरण, यातायात व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, आवागमन मार्गों के निर्माण एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए अलग से विशेष बजट आवंटित किया जाए, जिससे आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और शहर का समग्र विकास भी सुनिश्चित हो सके। इसके साथ में नगर पालिका लाडनूं द्वारा मुख्य अभियंता स्वायत्त शासन विभाग को लिखा गया अनुरोध पत्र एवं अनुमानित लागत विवरण भी प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एडवोकेट जगदीश सिंह राठौड़, जिला मंत्री नीतेश माथुर, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी हरेन्द्र चौधरी, विधिक सलाहकार एडवोकेट गोविन्द सिंह कसूम्बी, नंद किशोर, राजेन्द्र सिंह आदि उपस्थित रहे और उनका स्वागत किया।






