राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में सजे नन्हे-मुन्नों ने मोहा मन, ‘सर्वाधिक मनमोहक राधा-कृष्ण’ सम्मान से हुए सम्मानित,
बचपन स्कूल लाडनूं में हर्षोल्लास से मनाया कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव
लाडनूं (kalamkala.in)। बचपन स्कूल लाडनूं में बुधवार को नर्सरी कक्षा के नन्हे-मुन्नों द्वारा कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर नन्हे बच्चे भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा के मनमोहक स्वरूप में सज-धजकर विद्यालय पहुंचे। नन्हे कृष्णों के सिर पर सजे मोरपंख, हाथों में बांसुरी तथा राधा के आकर्षक पारंपरिक परिधानों ने विद्यालय परिसर को वृंदावन की मनोहारी झलक से सजा दिया। कार्यक्रम में बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं रासलीला से परिचित करवाया गया तथा जन्माष्टमी पर्व के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी रोचक ढंग से दी गई। बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कार्यक्रम का आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर ‘राधे-राधे’ एवं ‘जय श्री कृष्ण’ के जयघोष से भक्तिमय बना रहा। विद्यालय परिवार ने सभी नन्हे राधा-कृष्णों की मनमोहक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
मनमोहक कृष्ण रहे दर्श व प्रियांशु एवं मनमोहक राधा हनिष्का व वेदांशी
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण ‘सर्वाधिक मनमोहक राधा-कृष्ण’ सम्मान रहा। कृष्ण के मनमोहक स्वरूप में सजे दर्श एवं प्रियांशु को सर्वाधिक मनमोहक कृष्ण तथा राधा के सुंदर स्वरूप में सजी हनिष्का सोनी एवं वेदांशी को सर्वाधिक मनमोहक राधा सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती हर्षिता जैन ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं एवं संस्कारों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। विद्यालय में विभिन्न पर्वों को बच्चों के साथ उत्साहपूर्वक मनाया जाता है, जिससे उनमें अपनी संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति रुचि और संस्कार विकसित होते हैं।



