मातृशक्ति की दिव्यता को समाज में पुनः जाग्रत करना जरूरी- डॉ. गुलाबचंद कोठारी,
लाडनूं में प्रेमदेवी बरड़िया के देवलोकगमन पर शोकसभा का आयोजन, श्रद्धांजलि देने उमड़े लोग


लाडनूं (kalamkala.in)। राजस्थान पत्रिका के प्रधान सम्पादक गुलाबचंद कोठारी ने कहा है कि भारत में नारी को पूजनीया होने का दर्जा दिया गया है। परिवार को महिला ही संस्कारवान बना सकती है। महिला संस्कृति की उन्नायक होती है। वे यहां जैन विश्व भारती स्थित सम्पोषणम् भवन में मुनिश्री विजय कुमार व तपस्वी मुनिश्री जयकुमार के सान्निध्य में आयोजित शोक सभा में बोल रहे थे। इस शोक सभा का आयोजन जैन विश्व भारती के संरक्षक एवं वरिष्ठ समाजसेवी भागचंद बरड़िया की माताजी व राजस्थान पत्रिका के संस्थापक कर्पूरचंद कुलिश की छोटी बहिन प्रेमदेवी बरड़िया के 96 वर्ष की आयु में देवलोकगमन होने पर उनके सम्मान व स्मृति में किया गया। डॉ. कोठारी ने अपनी बुआ की स्मृतियों का उल्लेख करते हुए बताया कि मातृशक्ति की दिव्यता को हमें समाज में पुनः जाग्रत करने का प्रयास करना चाहिए। आज जो नया समाज और नई पीढ़ी हमारे सामने आ रही है, वह हमारे संस्कारों के विपरीत दिशा में जा रही है, उसके परिणाम हमारे सामने आने लगे हैं और हर परिवार उनसे त्रस्त हैं। अब हमें जरूरत है कि हर घर में ऐसी मां हो जो संस्कार प्रवाहित करे।
मां सृष्टा होती है, जिनकी बहुत विशेषताएं हैं
शोकसभा में सान्निध्य प्रदान कर रहे मुनिश्री जयकुमार ने कहा कि मां अपने आप में एक सृष्टा होती है। मां एक निर्माता होती है और जो निर्माता हैं, उसमें बहुत सी विशेषताएं भी होती हैं। मां परिवार में संस्कार पैदा करती है। उन्होंने प्रेम देवी को धर्मसंघ और आचार्यों का आशीर्वाद प्राप्त महिला बताया और उनकी मुक्ति के लिए कामना करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। इसी प्रकार मुनिश्री विजय कुमार ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में विधायक मुकेश भाकर ने पूरे बरड़िया परिवार को ही आदर्श बताया और अपने श्रद्धा भाव प्रकट किए। भाजपा नेता ठाकुर करणीसिंह ने भी दिवंगत आत्मा के प्रति अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। शोक सभा में सुमित मोदी, जैन विश्वभारती विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बच्छराज दूगड़, शहर काजी सैयद मदनी अशर्फी, शांतिलाल बैद, राजकुमार चौरड़िया, चांदकपूर सेठी, सुरेश मोदी, सुरेश जाजू, राजूदान चारण, सीताराम गौतम, रामकुमार तिवाड़ी तथा पौत्री सुनिता बैद, सुश्री केतकी बरड़िया, रश्मि बरड़िया, कांता बैगवानी ने अपनी संवेदनाओं को स्वर दिया।
इन प्रमुख लोगों ने की संवेदना व्यक्त
शोक सभा में उपस्थित होकर संवेदना व्यक्त करने वाले अन्य लोगों में जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. जगदीश यायावर, बार संघ से एडवोकेट हरीश मेहरड़ा, शेर सिंह, भोमराज नायक, रविन्द्र सिंह, पवन महेश्वरी, भाजपा प्रवक्ता राजेंद्र सिंह धोलिया, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष जगदीश प्रसाद शर्मा, भारत विकास परिषद के अध्यक्ष बृजेश महेश्वरी, व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुशील पीपलवा, भाजपा उपाध्यक्ष अंजना शर्मा, भाजपा किसान प्रवक्ता देवाराम पटेल, पं. परमानंद शर्मा, सरपंच संघ के अध्यक्ष गणेश चबराल, पंचायत समिति सदस्य रामनिवास पटेल, श्रीराम खीचड़, तहसीलदार गोकुलदान चारण, उप पुलिस अधीक्षक विक्की नागपाल, थानाधिकारी महीराम बिश्नोई, नगर पालिका उपाध्यक्ष मुकेश खींची, पूर्व उपाध्यक्ष भवरू खां टाक, मोती खान मूंनखानी, ताजू खान मोयल, पेंशनर संघ के अध्यक्ष हरनाथ पूनिया सहित समाज के गणमान्य नागरिक, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि व बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर बरड़िया परिवार व कोठारी परिवार उपस्थित रहे।







