फिर भरोसे और मजबूती के साथ नई तकनीक और जन विश्वास से मजबूत हुआ भारतीय डाक विभाग- एन.आर. चौधरी (मंडल डाक अधीक्षक),
डीडवाना में जिला स्तरीय ईसीआर रिव्यू मीटिंग एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित, उत्कृष्ट कार्य करने वाले शाखा डाकपालों और कर्मचारियों को किया गया सम्मानित


लाडनूं/ डीडवाना (kalamkala.in)। ‘भारतीय डाक विभाग लगातार आधुनिक तकनीकों, डिजिटल सेवाओं और जनहितकारी योजनाओं के जरिए अपनी सेवाओं का दायरा बढ़ा रहा है। विभाग एक बार फिर आमजन के बीच उसी भरोसे और मजबूती के साथ अपनी पहचान स्थापित कर चुका है, जिसके लिए वह वर्षों से जाना जाता रहा है।’ यह बात नागौर मंडल के मंडल डाक अधीक्षक एन.आर. चौधरी ने गुरुवार को डीडवाना में आयोजित जिला स्तरीय ईसीआर रिव्यू मीटिंग एवं पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि भारतीय डाक विभाग की यह सफलता कर्मचारियों की मेहनत, नई तकनीकों को अपनाने और आमजन के निरंतर सहयोग का परिणाम है। आज डाक विभाग पारंपरिक सेवाओं के साथ-साथ डिजिटल बैंकिंग, बीमा, बचत योजनाओं और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) जैसी आधुनिक सेवाओं के माध्यम से लोगों तक तेजी से पहुंच बना रहा है।
डाक विभाग 150 सालों से समर्पित होकर कर रहा है देशवासियों की सेवा
कार्यक्रम में मुख्य डाकपाल डीडवाना महेश कुमार टाक ने कहा कि भारतीय डाक विभाग पिछले 150 वर्षों से अधिक समय से देशवासियों की सेवा में समर्पित है। बदलते समय के साथ विभाग ने आधुनिक तकनीकों को अपनाकर अपनी सेवाओं का विस्तार किया है। आज डाक विभाग पारम्परिक डाक सेवाओं के साथ डिजिटल वित्तीय सेवाओं, बैंकिंग और बीमा क्षेत्र में भी तेजी से अपनी मजबूत पहचान बना चुका है।कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने भारतीय डाक विभाग की नवीन बीमा योजनाओं, बचत योजनाओं और डिजिटल सेवाओं की भी विस्तृत जानकारी दी।
ये सब रहे समारोह के अतिथि
डाक निरीक्षक देवीचंद कटारिया ने बताया कि भारतीय डाक विभाग, नागौर मंडल की ओर से डीडवाना-कुचामन जिले के उपमंडल के शाखा डाकघरों के लिए जिला स्तरीय ईसीआर रिव्यू मीटिंग एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन मंडल डाक अधीक्षक एन.आर. चौधरी की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सहायक अधीक्षक महावीर प्रसाद सैनी, निरीक्षक डाकघर डीडवाना देवीचंद कटारिया, निरीक्षक डाकघर मकराना आदित्य सिंह तथा मुख्य डाकपाल महेश कुमार टाक मौजूद रहे।
सभी डाक सेवाओं के शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किए जाएं
बैठक में डीडवाना उपमंडल के शाखा डाकघरों की ईसीआर समीक्षा की गई। इस दौरान वार्षिक राजस्व अर्जन, बचत बैंक, आवर्ती जमा (आरडी), डाक जीवन बीमा (पीएलआई), ग्रामीण डाक जीवन बीमा (आरपीएलआई), इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी), आर्टिकल बुकिंग तथा अन्य डाक सेवाओं के शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने विभिन्न बचत एवं बीमा योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक लोगों को इन योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया।
श्रेष्ठ सेवाओं के लिए इन सभी डाक-कर्मियों का किया गया सम्मान, लाडनूं के लोग भी शामिल
कार्यक्रम का उद्देश्य डाक कर्मियों का उत्साहवर्धन करना तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित कर अन्य कार्मिकों को प्रेरित करना था। समारोह में वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शाखा डाकपालों एवं कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।सम्मानित कार्मिकों में प्रमुख रूप से डाक जीवन बीमा (पीएलआई) के लिए शंकरलाल (नुवा), मोहम्मद हनीफ (मालगांव) एवं बाबूलाल (बेगसर) को तथा बचत बैंक अभियान में बाबूलाल (बेगसर), शंकरलाल (नुवा) एवं कुलदीप सिंह (क्यामसर) को एवं आर्टिकल बुकिंग के लिए लक्ष्मण शर्मा (ध्यावा), चंद्रशेखर तूनवाल (सुदरासन) एवं शंकरलाल (नुवा) को सम्मानित किया गया। इनके अलावा अच्छी सेवाओं के लिए भारतीय डाक विभाग की ओर से सैयद अब्दुल अज़ीज़ (लाडनूं) को भी सम्मानित किया गया। इसी प्रकार ईसीआर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सुनील कुमारी (खारिया), बाबूलाल (बेगसर) एवं मोहम्मद हनीफ (मालगांव) को सम्मानित किया गया। इन सबके अलावा विशेष सम्मान के रूप में डाक अधिदर्शक प्रथम मूलाराम, डाक अधिदर्शक द्वितीय महेंद्र कुमार मीणा, डाक अधिदर्शक तृतीय पुष्कर राज शर्मा तथा कार्यालय सहायक दिनेश कुमार टेलर को और लाइव खाते एवं सक्षम शाखा डाकघर के लिए शंकरलाल (नुवा), बाबूलाल (बेगसर) एवं मांगीलाल (कसूम्बी) को तथा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) के लिए बाबूलाल (बड़ी छापरी), मोहम्मद हारून (गणेशपुरा) एवं अंकित (बरंगाना) को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन मुख्य डाकपाल महेश कुमार टाक ने किया, जबकि अंत में निरीक्षक डाकघर देवीचंद कटारिया ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान “जन गण मन” के साथ हुआ।







