संवेदनशीलता, पारदर्शिता और त्वरित कार्यवाही के माध्यम से आमजन का विश्वास किया जाएगा अधिक मजबूत तथा पुलिस-जन संवाद को देंगे नई दिशा- एसपी प्यारेलाल शिवराण,
पदभार ग्रहण करते ही नए एसपी आए ‘एक्शन मोड’ में


डीडवाना (kalamkala.in)। डीडवाना-कुचामन जिला पुलिस को अब नया नेतृत्व मिला है। सोमवार 1 जून को डॉ. प्यारेलाल शिवराण आईपीएस ने यहां जिला पुलिस अधीक्षक का पदभार संभाल लिया है।कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर उन्हें पुलिस गार्ड द्वारा सम्मान स्वरूप गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कार्यभार संभालने के उपरांत उन्होंने सीधे ‘एक्शन मोड’ में आते हुए कार्यालय की विभिन्न शाखाओं अपराध शाखा, साइबर सेल, सीसीटीएनएस, डीसीआरबी, मानव तस्करी यूनिट सहित अन्य इकाइयों का गहन निरीक्षण कर पूरी कार्यप्रणाली की समीक्षा की। पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवराण ने कहा कि संवेदनशीलता, पारदर्शिता और त्वरित कार्यवाही के माध्यम से आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत किया जाएगा तथा पुलिस-जन संवाद को नई दिशा दी जाएगी। उन्होंने पुलिस व्यवस्था में साइबर अपराधों पर त्वरित नियंत्रण, फ्रॉड मामलों में तत्काल रिस्पॉन्स एवं रिकवरी बढ़ाना, लंबित प्रकरणों का निस्तारण व गंभीर अपराधों में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करना, थाना स्तर पर रिस्पॉन्स टाइम सुधार व आमजन की शिकायतों पर तुरंत कार्यवाही, अवैध गतिविधियों पर सख्ती व शराब, सट्टा, मादक पदार्थों पर विशेष अभियान, फील्ड विजिट व निगरानी व संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित मॉनिटरिंग, साइबर जागरूकता अभियान व आमजन को ठगी से बचाने हेतु विशेष ड्राइव के सम्बन्ध में निर्देशित किया।
आओ जानें नये एसपी डॉ. शिवराण के बारे में
गौरतलब है कि डीडवाना कुचामन जिले में इससे पूर्व कार्यरत पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद यादव को मात्र दस दिनों में हटा दिया गया था। कुचामन में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ की सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक को देखते हुए उन्हें हटाया गया था। उनके स्थान पर सीनियर आईपीएस डा. प्यारेलाल शिवराण को यहां लगाया गया है। ये आदेश कार्मिक विभाग ने जारी किए थे।शिवरान बीकानेर में बतौर एडिशनल एसपी ग्रामीण सेवाएं दे चुके हैं। शिवरान की बीकानेर में प्रभावी पुलिसिंग रही है। वे जायल (नागौर), बीकानेर सिटी, पाली सिटी और अटरू (बारां) में सीओ के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। डॉ. प्यारे लाल शिवरान राजस्थान पुलिस के एक बेहद अनुभवी और जमीन से जुड़े अधिकारी हैं। डॉ. प्यारे लाल शिवरान मूल रूप से राजस्थान के सीकर जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा बगरिया बाल विद्या निकेतन (लक्ष्मणगढ़, सीकर) से पूरी की। इसके बाद वे एसकेएन कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर (जोबनेर, जयपुर) से B.Sc की डिग्री ली और आगे की पढ़ाई प्रसिद्ध संस्थान IARI, PUSA (नई दिल्ली) से की। राजस्थान पुलिस की वेबसाइट के अनुसार, उनके पास पीएचडी की डिग्री भी है। 1998 में राजस्थान पुलिस सेवा (RPS) से आईपीएस बने शिवरान की पहली पोस्टिंग बाड़मेर में डीएसपी (अंडर ट्रेनिंग) के रूप में हुई थी। साल 2025 में ही डॉ. शिवरान प्रमोट होकर आईपीएस बने थे।






