लाडनूं में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया वृक्षारोपण,
विश्व पर्यावरण दिवस पर भाजपा नेता ठा. करणी सिंह के नेतृत्व में हुआ आयोजन


लाडनूं (kalamkala.in)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर संचालित अभियान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के तहत भारतीय जनता पार्टी द्वारा भाजपा नेता ठाकुर करणीसिंह ने नेतृत्व में लाडनूं शहर के सुनारी रोड स्थित श्मशान भूमि में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का प्रण लिया। कार्यक्रम में ठा. करणी सिंह ने कहा कि यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी माताओं के प्रति सम्मान, प्रकृति के प्रति कर्तव्य और आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। आज बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच अधिक से अधिक वृक्ष लगाना समय की आवश्यकता है।
बच्चों की तरह करें पालन करें पेड़ों का
शहर मंडल अध्यक्ष महंत गौतमदत्त शास्त्री ने कहा कि जिस प्रकार माँ अपने बच्चों का पालन-पोषण कर उन्हें जीवन देती है, उसी प्रकार एक पौधे को भी संरक्षण और देखभाल की आवश्यकता होती है। जब पौधा बड़ा होकर वृक्ष बनता है तो वह समाज को छाया, शुद्ध वायु और पर्यावरणीय संतुलन प्रदान करता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान का समर्थन करते हुए पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करें तो आने वाले वर्षों में देश को हरित और स्वच्छ बनाने का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।
इन सबने पेड़ लगाए और लिया संकल्प
इस अवसर पर भाजपा नेता ठाकुर करणीसिंह व भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष गौतम दत्त शास्त्री के साथ नारायण लाल शर्मा, एडवोकेट महावीर गुर्जर, पार्षद बच्छराज नागपुरिया, सुरेश खींची, पवन सिंह बड़गुर्जर, कमल सिंह जेतमाल, मोहन सिंह जोधा, भंवर सिंह राजावत, कान सिंह चौहान, ललित नारायण सोनी, एडवोकेट गोविंद सिंह, सुशील शर्मा, पवन पारीक, श्यामलाल यादव सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं युवा साथी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।






