लाडनूं नगर पालिका बोर्ड के गठन के बाद अभी तक कोई बैठक नहीं, रिहर्सल जरूर हुई,
भाजपा व कांग्रेस ने बैठक की ट्रायल बैठकें कर शहर की समस्याएं उठाई, ईओ व चैयरमेन प्रतिनिधि ने किया उन्हें नोट

लाडनूं (kalamkala.in)। नगर पालिका मंडल लाडनूं का गठन हो चुका है। इस नये बोर्ड की पहली बैठक चैयरमेन व वाइस चेयरमैन के चुनाव को लेकर एसडीएम ने आहूत की थी, लेकिन अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पदों पर चयन के उपरांत अभी तक कोई बैठक नगर पालिका मंडल की नहीं हो सकी है। हालांकि नगर पालिका की उपरी मंजिल में सोमवार को नवनिर्वाचित पार्षदों की चहल-पहल रही। यहां चैयरमेन कक्ष में कांग्रेस और सभागार में भाजपा ने अपनी-अपनी ट्रायल बैठकें सोमवार को करके एक तरह से रिहर्सल पूरी की।
भाजपा की बैठक में शहर की विभिन्न समस्याओं को उठाया गया
नगर पालिका में सोमवार को सभागार में भाजपा के पार्षदों ने बैठक की, जिसमें विधायक प्रत्याशी ठाकुर करणीसिंह, भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष गौतम दत्त शास्त्री, भाजपा के विधानसभा संयोजक हनुमान मल जांगिड़, नगर पालिका के विधि सलाहकार गोविंद सिंह कसूम्बी, अधिशाषी अधिकारी हरेंद्र चौधरी एवं निर्मला देवी जांगिड़, प्रवीण जोशी, मोहन सिंह चौहान, नेमाराम भानावत, फुलेखां हाथीखानी एवं सभी भाजपा पार्षद व भाजपा समर्थित पार्षद मौजूद रहे। बैठक में छिपोलाई क्षेत्र में मृत पशुओं के शवों को इधर-उधर डाले जाने और उनका समुचित अंतिम संस्कार व निस्तारण नहीं करने के मामले को उठाया गया। इसी तरह सड़क व अन्य मामलों पर नवनिर्वाचित पार्षदों ने अपनी-अपनी मांगें व सुझाव प्रस्तुत किए। अधिशाषी अधिकारी हरेन्द्र चौधरी ने सभी मामलों में नगर पालिका का पक्ष प्रस्तुत किया।
कांग्रेस की बैठक में सफाई व्यवस्था पर जोर
दूसरी तरफ नगर पालिका स्थित चैयरमेन कक्ष में एक अलग ही बैठक रखी गई। इस अनौपचारिक बैठक की सूचना भी नवनिर्वाचित कांग्रेस पार्षदों के ग्रुप में सबको भेजी गई। बैठक में शहर के सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने पर विचार किया गया। बैठक में मौजूद पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं के बारे में जानकारी दी, जिसे नोट किया गया। इस बैठक में चेयरमैन प्रतिनिधि नौशाद अली सिसोदिया, मुकेश खींची, मनसब खान, नदीम बल्खी, वसीम खान, इस्लाम लंगा, रमजान भुट्टा, कासिफ बल्खी आदि मौजूद रहे।



