लाडनूं के डम्पिंग यार्ड के बाहर कचरा फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के दिए निर्देश,
चेयरमैन प्रतिनिधि ने किया पालिका अधिकारियों के साथ डम्पिंग यार्ड सहित विभिन्न स्थलों पर सफाई व्यवस्था का मुआयना

लाडनूं (kalamkala.in)। नगर पालिका की नवनिर्वाचित जन प्रतिनिधियों की टीम ने पदासीन होते ही जनहित के कामों और जन समस्याओं के निराकरण की दिशा में अपनी रुचि प्रदर्शित करते हुए शुक्रवार को शहर के विभिन्न समस्याग्रस्त स्थलों का जायजा लिया। चैयरमेन प्रतिनिधि व पूर्व पार्षद नौशाद अली सिसोदिया ने उपाध्यक्ष गौरव खंडेलवाल और कुछ अन्य पार्षदों के साथ अधिशाषी अधिकारी हरेन्द्र चौधरी, एसआई रामचन्द्र, नंदकिशोर चौधरी आदि पालिका कर्मियों के साथ विगत कार्यकाल के दौरान लाडनूं के बहुचर्चित समस्याग्रस्त राती खान क्षेत्र के डम्पिंग यार्ड का मुआयना किया। उन्होंने पाया कि पिछले कार्यकाल में डम्पिंग यार्ड के चारों ओर परकोटा बनाया जाकर उसे सुरक्षित किया गया था, लेकिन नगर पालिका के ऑटो टीपर चालक व कर्मचारी कचरा खाली करने में पूरी कोताही बरत रहे थे। कचरा डम्पिंग यार्ड के बाहर और अंदर जाने के रास्ते में ही डाल दिए जाने से कचरा वहां चारों तरफ बिखर कर गंदगी व बदबू पैदा कर रहा था। आंधी के समय तो वहां का कचरा निश्चित ही आसपास के रहवासियों के मकानों में भी जाता है और उनका जीना दूभर कर रहा था। ऐसी स्थिति को देखकर चेयरमैन प्रतिनिधि नौशाद अली सिसोदिया ने पालिका अधिकारियों पर रोष जताया और वहां की व्यवस्था में सुधार करने, कचरा बाहर डालने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने डम्पिंग यार्ड के अलावा स्टेडियम क्षेत्र, बस स्टेंड आदि क्षेत्रों का दौरा भी किया और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।



