कई दिनों से भीषण गर्मी से बेहाल लोगों को बारिश ने राहत पहुंचाई
किसानों के चेहरे खिले
मूण्डवा (न्यूज रिपोर्टर लाडमोहम्मद खोखर)। मौसम का मिजाज बुधवार दोपहर को अचानक बदल गया। सुबह से तेज गर्मी व उमस के बाद दोपहर को हुई झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे जिससे मौसम सुहाना रहा। गलियां व सड़कें पानी से लबालब हो गई। वहीं खेतो मे निनाण व हलनी निकालने के बाद बारिश से किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं।

मूण्डवा में बुधवार की दोपहर करीब 45 मिनट बारिश ने मौसम खुशनुमा कर पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी पर लगाम लगी। कुछ देर बाद बारिश तो थम गई लेकिन दिनभर आसमान में बादल रहे और हवाएं चलती रही। वैसे बीच-बीच में धूप निकली लेकिन हवा में नमी व आसमान में बादलों की आवाजाही होने के कारण उतनी तपिश नहीं रही, जो अन्य दिनों में थी। बारिश ने आम जनमानस को जहां भीषण गर्मी से राहत पहुंचाई, वहीं फसलों के फायदे से किसान भी खुश हैं।







