अज्ञात कारणों से लगी बंटी माली की किराणा दुकान में आग, लाखों का माल जलकर खाक, व्यापारियों ने किया आग बुझाने में सहयोग, दमकल की देरी पर लोगों में रोष रहा, ज्ञापन देकर की मुआवजा की मांग

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

अज्ञात कारणों से लगी बंटी माली की किराणा दुकान में आग, लाखों का माल जलकर खाक,

व्यापारियों ने किया आग बुझाने में सहयोग, दमकल की देरी पर लोगों में रोष रहा, ज्ञापन देकर की मुआवजा की मांग

महबूब खोखर, रिपोर्टर। कुचेरा (kalamkala.in)। कुचेरा शहर में मंगलवार रात्रि में एक किराणा की दुकान में अज्ञात कारण से भीषण आग लग गई, जिसमें लाखों का सामान जलकर राख हो गया। फिलहाल आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना कुचेरा शहर के पुराने पोस्ट ऑफिस, नगर पालिका चौराहे पर स्थित बंटी माली की जनरल स्टोर की दुकान में रात करीब 10.30 बजे हुई, तब हल्का धुआं निकलता देखकर उनके पड़ोसी दुकानदार ने फोन पर जानकारी देकर दुकान से धुंआ निकलने की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद दुकान मालिक बंटी और उसके पिता नरेंद्र माली तुरंत मौके पर पहुंचे। जब दुकान का शटर ऊपर किया, तो अंदर से आग की लपटें निकल रही थी। आग की लपटों को देखकर वहां सैकड़ों की तादाद में भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने आग को बुझाने का प्रयास किया।कई लोग आग में पानी डाल रहे थे। मौके पर उपस्थित भीड़ में से लोगों ने तत्काल दमकल को सूचना दी। सूचना मिलने फायर ब्रिगेड कर्मचारी रामलाल मारुका मौके पर पहुंचे, उन्होंने आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन दमकल के पहुंचने तक दुकान का सारा समान जलकर राख हो चुका था और आग पूरी दुकान में फैल चुकी थी। इस भीषण आग के कारण इस किराणा की दुकान में रखा लाखों रुपयों का सामान, फ्रीज, अन्य फर्नीचर आदि सब जलकर राख हो गए।आग पर काबू पाने के लिए दमकल वाहन और व्यापार मण्डल के लोगों ने काफी मशक्कत की, तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका। लेकिन दुकान में तब तक कुछ शेष नहीं बचा पाया, सारा सामन जलकर राख में तब्दील हो गया।

व्यापारियों ने देरी पर रोष जताया और प्रशासन से की मुआवजे की मांग

इस दु:खद घटना के बाद व्यापारियों में गहरी चिंता और रोष व्याप्त हो गया। कुचेरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष रविंद्र कुमार जैन, रामबाबू टाक, रामविलास गहलोत, हरि राजावत, इंद्रचंद भंडारी, कमल माली सहित व्यापार मंडल के सदस्यों और शहर के लोगों ने नगरपालिका अध्यक्ष तेजपाल मिर्धा को एक ज्ञापन भी सौंपा है, जिसमें उन्होंने पीड़ित दुकानदार को उचित मुआवजा देने की मांग की है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग उठाई है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष रविंद्र कुमार जैन ने बताया कि कुचेरा में अक्सर ऐसी घटनाएं होती रहती हैं और इस तरह की आपदाओं से निपटने के लिए प्रशासन के पास पर्याप्त साधन नहीं हैं। उन्होंने प्रशासन से व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास करने का आग्रह किया है। नगरपालिका अध्यक्ष तेजपाल मिर्धा ने व्यापारियों को आश्वासन दिया है कि वे इस मामले को गंभीरता से लेंगे और पीड़ित परिवार की हर संभव मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि नुकसान का आकलन करने के लिए एक टीम भेजी जाएगी और सरकार से जो भी उचित मुआवजा संभव है, दिलाया जाएगा।

दमकल की देरी को लेकर लोगों में देखा गया रोष, आग बुझाने व्यापारी आगे आए

दुकान मालिक बंटी और उसके पापा नरेंद्र माली ने बताया कि मेरी दुकान में आग लगी, तब नगर पालिका की दमकल टाइम पर नहीं पहुंची।अगर समय पर दमकल पहुंचती, तो उनकी दुकान का सामान जलने से बच जाता। इस आगजनी की दुखद घटना के बाद आरएलपी नेता राजेंद्र डूकिया ने गहरा रोष जताया। इस घटना को लेकर डूकिया ने नगर पालिका दमकल कर्मचारी पर आरोप लगाते हुए सैकड़ों की तादाद में भीड़ इकठ्ठी हुई। उन्होंने कहा कि इस मामले को गंभीरता से लेंगे और पीड़ित परिवार की हर संभव मदद दिलाएंगे। अध्यक्ष तेजपाल मिर्धा ने मामले को शांत करवाया।आगजनी को लेकर सुबह 9 बजे पीड़ित दुकानदार को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर व्यापार मंडल के अध्यक्ष रविंद्र कुमार जैन सहित सैकड़ों लोग नगरपालिका पहुंचे और मुआवजा की मांग और दमकल कर्मी की शिकायत का ज्ञापन दिया।

चैयरमेन मिर्धा ने दिखाई सक्रियता व सहानुभूति 

शहर में हुई आगजनी की एक घटना पर नगरपालिका अध्यक्ष तेजपाल मिर्धा ने तत्परता दिखाते हुए मामले को तुरंत संज्ञान में लिया। मिर्धा ने बताया कि जैसे ही सूचना मिली, कॉल डिटेल की जांच के आधार पर फायर ब्रिगेड को तुरंत रवाना किया गया, जिससे समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने कहा कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंचती तो इससे भी बड़ा हादसा हो सकता था, आग आस-पास में भी फैल सकती थी। उन्होंने पीड़ित दुकानदार को हरसंभव सहायता दिलवाने का आश्वासन भी दिया। मिर्धा की सक्रियता और त्वरित निर्णय से बड़ा नुकसान टल गया, जिससे स्थानीय जनता ने भी राहत की सांस ली।

kalamkala
Author: kalamkala

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पड़ गई

शहर चुनें

Follow Us Now