लाडनूं की अन्तर्राष्ट्रीय हस्ती सिया ग्रुप के संस्थापक समाजसेवी रवि पटेल को मिला ‘मदर टैरेसा इंटरनेशनल अवार्ड 2025’,
दुबई में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय समारोह में विभिन्न हस्तियों के बीच किया गया सम्मानित, ‘मैं हमेशा मानवता की सेवा करता रहूंगा’- रवि पटेल
लाडनूं (kalamkala.in)। दुबई (यूएई) में आयोजित एक कार्यक्रम में लाडनूं के समाजसेवी रवि पटेल को इस वर्ष का प्रतिष्ठित ‘मदर टैरेसा इंटरनेशनल अवार्ड 2025’ प्रदान कर सम्मानित किया गया है।यह सम्मान उन्हें उनके निःस्वार्थ मानवीय कार्यों, अंतराष्ट्रीय समाजसेवा में योगदान और कोविड-19 महामारी (2020) के दौरान राष्ट्र व ज़रूरतमंदों के प्रति किए गए उल्लेखनीय सहयोग के लिए प्रदान किया गया है। उन्हें यह अवार्ड दुबई के मिलेनियम प्लाज़ा होटल डाउनटाउन में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के सम्मान समारोह में दिया गया। गौरतलब है कि रवि पटेल ने समाजसेवा के क्षेत्र में अपनी अद्वितीय पहचान बनाई है। वे सिया ग्रुप स्पेन के संस्थापक हैं और भारत ही नहीं विदेशों में भी बहुत सारे समाजसेवा के अगणित कार्य उन्होंने किए हैं। दुबई में आयोजित इस समारोह के आयोजकों का कहना है कि ‘मदर टेरेसा इंटरनेशनल अवॉर्ड’ उन लोगों को दिया जाता है, जिन्होंने मानवता की सेवा को अपना उद्देश्य बनाया है। रवि पटेल का कार्य न केवल भारत में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी समाज के लिए प्रेरणादायक है।’ इस बारे में रवि पटेल का कहना है, ‘यह पुरस्कार मेरे लिए सम्मान ही नहीं, बल्कि और ज़्यादा जिम्मेदारी का एहसास है। मदर टेरेसा की विचारधारा से प्रेरित होकर मैं हमेशा मानवता की सेवा करता रहूँगा।’ इस कार्यक्रम में दुनिया भर की जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत की।इस सम्मान समारोह में सिया ग्रुप के संस्थापक रवि पटेल के अलावा अन्य विशिष्ट व्यक्तित्वों को भी सम्मानित किया गया। इनमें हामदान बिन राशिद अल मकतूम फाउंडेशन के अध्यक्ष, दुबई पुलिस, यूनाइटेड अरब अमीरात- पॉज़िटिव स्पिरिट काउंसिल, बुर्ज खलीफ़ा के सीईओ, प्रसिद्ध पार्श्वगायिका कविता कृष्णमूर्ति, वरिष्ठ अभिनेत्री मुनमुन सेन, लोकप्रिय अभिनेत्री राइमा सेन, अभिनेता एवं समाजसेवी विवेक ओबेरॉय, अभिनेता एवं उद्यमी अर्जुन रामपाल शामिल हैं।







