लाडनूं के डाढाली करणी माता मंदिर में दिन भर उमड़ता रहा भक्तों का सैलाब,
पौष बड़ा एवं हलवा प्रसादी के आयोजन के दौरान मेला का भव्य स्वरूप आया सामने



लाडनूं (kalamkala.in)। पौष माह में आने वाली भीषण सर्दी में किसी को गर्मागर्म दाल के बड़े खाने को मिल जाए, तो जो तृप्ति मिलती है, वह अकथनीय होती है। इसी कारण राजस्थान में ‘पौष-बड़ा’ का प्रचलन पूरे प्रांत में सदियों से परम्परागत ढंग से चला आ रहा है। पौषबड़ा के लिए दाल के बड़ों और हलवे का प्रबंध करने के लिए राजस्थान के लोग लालायित रहते हैं। लाडनूं के दूसरी पट्टी स्थित इच्छापूर्ण शनि मंदिर, डीडवाना रोड पर डाढाली करणी माता मंदिर, कालीजी का चौक, सेवक चौक, तार करंट बालाजी मंदिर, बस स्टेंड, मालियों का बास, कमल चौक, कुम्हारों का बास आदि विभिन्न स्थानों पर पौष बड़ा का कार्यक्रम बहुत ही हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया जाता रहा है। इसी परम्परा के अंतर्गत हर साल की भांति शुक्रवार को डीडवाना रोड स्थित पुलिया के पास लादू बाबा चौराहा पर श्री डाढाली करणी माता मंदिर (मंगलपुरा) में पौष मास का पौष बड़ा एवं हलवा प्रसादी का आयोजन शुक्रवार को श्रद्धा एवं उल्लास के साथ किया गया।
दिन भर उमड़ता रहा श्रद्धालुओं का रैला, जयकारों से गूंजा मंदिर
इस आयोजन में शुक्रवार को दिन भर डाढाली करणी माता मंदिर में भक्तों-श्रद्धालुओं का आवागमन लगा रहा। इस अवसर पर एक तरफ दिन भर मंदिर प्रांगण में पौष-बड़ा का कार्यक्रम चलता रहा और दूसरी तरफ कार्यक्रम के दौरान मंदिर एवं परिसर में भजन-कीर्तन एवं जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा। इस अवसर पर मंगलपुरा गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर मां करणी माता के दर्शन किए एवं प्रसादी ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम में पौष बड़ा एवं हलवा प्रसादी की व्यवस्था पूर्ण रूप से अनुशासित, शांतिपूर्वक एवं सुव्यवस्थित बनी रही। इस अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं ने पंक्तिगत ढंग से बैठकर पूर्ण अनुशासित रूप से पौष-बड़ा की प्रसादी ग्रहण की।
इन सबकी रही श्रद्धा और सेवा की भावना
पौष-बड़ा आयोजन को लेकर डाढाली करणी माता मंदिर में शुक्रवार को प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई और दिन चढ़ने के साथ ही भक्तों की भीड़ बढ़ने लगी। इनमें महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों ने भक्ति भाव से मां करणी माता के चरणों में शीश नवाया और श्रद्धापूर्वक पौष-बड़ा का प्रसाद ग्रहण किया। इस आयोजन को सफल बनाने में करणी माता सेवा समिति के साथ ग्रामवासियों एवं युवाओं का पूरा सहयोग रहा। कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद सुमित्रा आर्य, बालचन्द सांखला, बाबूलाल जांगिड़, कानदान चारण, महावीर सिंह ठेकेदार, बबलू सैनी, भंवरदान चारण, प्रदीप प्रजापत, रोहित प्रजापत, बबलू सांखला, इन्द्रजीत टाक, महेश टाक, पूनमचंद भाटी, शुभकरण टाक, दिलीप सोनी, राकेश सांखला, बबलू टाक, बबलू सांखला, बाबूसिंह, इन्द्रजीत टाक, दलीप सोनी, सुरेश प्रजापत, जीतमल भाटी, दुर्गा दास दुजार एवं टीम मंगलपुरा ने शामिल होकर सेवा-सहयोग प्रदान किया।







