गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत एसडीएम व तहसीलदार को ज्ञापन सोमवार को, भजन-कीर्तन करते हुए पहुंचेंगे उपखंड कार्यालय,
अतंराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय के महाराज संत धीरजरामजी एवं पाबोलाव धाम के महामंडलेश्वर कमलेश भारतीजी महाराज का रहेगा सान्निध्य
लाडनूं (kalamkala.in)। ‘गौ सम्मान आह्लान’ अभियान के तहत गौमाता के संरक्षण के लिए सोमवार 27 अप्रेल सोमवार को प्रात:काल लाडनूं तहसील के गौ भक्तों द्वारा अतंराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय के महाराज संत धीरजरामजी एवं पाबोलाव धाम के महामंडलेश्वर कमलेश भारती जी महाराज के सान्निध्य में भजन-कीर्तन करते हुए उपखंड कार्यालय पहुंच कर वहां एसडीएम व तहसीलदार को ‘गौ माता को सम्मान, सुरक्षा एवं सेवा’ के लिए देश के राष्ट्रपति, प्रधानमन्त्री, राजस्थान के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को प्रेषित ‘गौ सम्मान आह्वान’ अभियान का निवेदन-पत्र सौंपा जाएगा। इस अभियान में गो सेवा और गो रक्षा के माध्यम से होने वाले राष्ट्र रक्षा एव संस्कृति रक्षा के इस निष्काम और पवित्र अभियान की रुचि रखने वाले गौभक्त सम्मिलित हो सकते हैं।
ज्ञापन में शामिल रहेंगे ये सब महत्वपूर्ण मुद्दे
इस निवेदन पत्र में गोरक्षा संबंधित मुख्य आग्रह में गोमाता को राष्ट्र माता, राष्ट्र देव, राष्ट्र आराध्या, राष्ट्र धरोहर अथवा राष्ट्र आधार का सम्मानित पद प्रदान किया जाकर गो माता को उनका वास्तविक सम्मान दिया जाए। गो सेवा हेतु केंद्रीय कानून बने, जिससे संपूर्ण भारतवर्ष में समान रूप से गो सेवा हो सके। तथा भारतवर्ष में गो हत्या पूरी तरह समाप्त हो, जिससे गो माता पूर्णतः सुरक्षित हो, यह सुनिश्चित हो सके। इसके अलावा गोशाला संबंधित कुछ मुख्य आग्रह किया गया है, जिसमें भारत के प्रत्येक प्रांत में कम से कम एक-एक गो अभ्यारण्य उपयुक्त भूमि पर खोला जाए और प्रत्येक ग्राम पंचायत पर निराश्रित नर गोवंश के लिए नंदीशाला की स्थापना हो।
न मंच रहेगा, न भाषण होगा, नहीं रहेगा कोई नेतृत्व
इस भजन-कीर्तन और निवेदन पत्र दिए जाने वाले अभियान के दौरान सबको ताकीद किया गया है कि वे निर्धारित किए गए अत्यंत महत्वपूर्ण स्मरण बिंदुओं का पूरी तरह पालन करेंगे। इनमें
(1) यह अभियान किसी संस्था अथवा संगठन के बैनर तले ना होकर केवल ईश्वर, गोमाता, और नंदी बाबा के सानिध्य में होगा।
(2) इस अभियान में किसी आचार्य, संत, महंत, नेता, अभिनेता, कार्यकर्ता का नेतृत्व नहीं होगा, ना ही इन सब में से किसी का भी फ़ोटो, पोस्टर, बैनर, होर्डिंग पर लगेगा। केवल नंदी महाराज और गोमाता का ही चित्र प्रचार सामग्री पर मुद्रित होगा।
(3) यह अभियान किसी भी राजनैतिक दल, संगठन, अथवा किसी भी राज्य अथवा केंद्र सरकार के विरुद्ध नहीं है, इस अभियान का उद्देश्य केवल मात्र गो माता को सेवा सुरक्षा और सम्मान मिले इस हेतु आग्रह है।
(4) यह अभियान पूर्णरुपेण अहिंसक होगा, इस अभियान के दौरान किसी भी राष्ट्रीय अथवा किसी भी निजी सम्पति को नुक़सान पहुँचाने वाले विचारकों को पूरी तरह दूर रखा जाएगा।
(5) इस अभियान में कोई मंचीय उद्बोधन नहीं होगा, कोई माइक से भाषण नहीं होगा। गो प्रेमीजन अपनी बात, संकीर्तन, रैली और प्रार्थना पत्र के माध्यम से रखेंगे।
(6) इस अभियान में किसी से भी किसी प्रकार का दान-चंदा नही लिया जायेगा।






