लाडनूं के गांव बेड़ में विवाहिता की संदिग्ध मौत को लेकर धरना और ज्ञापन,
मोर्चरी के बाहर लोगों का धरना, पति पर हत्या का संदेह, विदेश भागने का जताया अंदेशा



लाडनूं (kalamkala.in)। ससुराल में हुई विवाहिता की संदिग्ध मौत को लेकर लाडनूं के राजकीय चिकित्सालय में मृतका के पीहर पक्ष के लोग हत्यारे और उसके सह आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं और उन्होंने अपनी मांगों का एक ज्ञापन उपखंड अधिकारी को दिया है। निम्बी जोधां पुलिस ने इस मामले को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौके पर एफएसएल टीम बुलाई गई। टीम ने सभी सेम्पल लिए हैं और उन्हें जांच के लिए ले जाया गया है। इस मामले में मृतका के पति पर हत्या का संदेह जताया गया है। पति पर अनेक अवैध सम्बन्ध होने का आरोप भी लगाया गया है। पति की विदेश जाने की फ्लाइट 4 मई को होने से उसके देश से फरार होने का संदेह भी लोगों ने जाहिर किया है।
ज्ञापन देकर मांगी 50 लाख की मदद और सरकारी नौकरी
इस ज्ञापन में बताया गया है कि जगदीश पुत्र चन्द्राराम ठोलिया की बहन संजू (35 वर्ष) निवासी शिमला का विवाह प्रेमाराम पुत्र भंवरलाल साख निवासी बेड़ के साथ हुआ था, जिससे उसके दो छोटे-छोटे बच्चे भी हैं। संजू के पति प्रेमाराम के अन्य महिलाओं के साथ अवैध संबंध रखने का विरोध लगातार मृतका द्वारा किया जाता रहा था। इसी बात को लेकर आरोपी पति मृतका के साथ अक्सर मारपीट व झगड़ा करता रहता था। 3 मई की पूर्व रात्री को आरोपी प्रेमाराम व प्रेमाराम की भोजाई भंवरी पत्नी मेघाराम साख एवं अन्य सह अपराधियों ने मिलकर मृतका के साथ पहले बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसके शरीर पर जगह-जगह चोटें आई। बाद में उसका गला व मुंह दबाकर हत्या कर दी श। हत्या करने के बाद आरोपी वहां से भाग गये। यह आरोपी विदेश रहता है। घटना की रात उसे पता था कि उसकी 4 मई की विदेश जाने की टिकट बनी होने से विदेश फरार होने का मौका देखकर अपनी पत्नी को बेरहमी से मारपीट करके फिर उसकी हत्या कर दी। यह हत्या इन लोगों ने मिलीभगत करते हुए पूर्ण योजनाबद्ध तरीके से की है। इस घटना की सूचना मृतका के भाई व परिवार को 3 मई को आज सुबह मिली। इस पर वह और परिवार के अन्य सदस्य सोहनराम, गोपाल, नानूराम, जगदीश (समस्त निवासी शिमला) गाड़ी लेकर ग्राम बेड़ पहुंचे व मृतका के शरीर को देखा, तो उसके शरीर पर कई जगह चोटें आई हुई थीं। तब उन्होंने पुलिस थाना निम्बी जोधा को सूचना दी तथा मृतका को सरकारी अस्पताल लाडनूं लेकर आये, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका मकान के पास बने अपने छप्पर में चारपाई पर सो रही थी, जहां पर अभियुक्तगण द्वारा मारपीट की गई और उसके बाद में मृतका को घर में ले जाकर मार डाला। अभियुक्तगण ने इस घटना के साक्ष्य-सबूत नष्ट करने का भी प्रयास किया है। आरोपी विदेश रोजगार करता है तथा इस घटना के बाद आरोपी विदेश भागने की फिराक में है। इसलिए इस आरोपी की तुरंत गिरफ़्तारी के लिए लुकआउट नोटिस जारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाए। इसके साथ ही ज्ञापन में प्रशासन से मृतका के बच्चों को सरकार की तरफ से कम से कम 50 लाख की आर्थिक सहायता दिलावाई जाने, मृतका के बच्चों को सरकारी नौकरी दिलाई जाने तथा प्रशासन की ओर से इसके लिए लिखित आश्वासन की मांग की गई है। ज्ञापन में मृतका के सभी हत्यारों को तुरन्त गिरफ्तार करने और आरोपी प्रेमाराम व अन्य सहयोगियों के विरूद्ध उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्यवाई की जाने की मांग की गई है। ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने वालों में रामकरण रैवाड़, जगदीश शर्मा, सायर राम, मुकेश ठोलिया, राहुल ठोलिया, मो. मुश्ताक़ खां कायमखानी, मनीष, गोविन्द राम चौधरी, हनुमान राम, कुलदीप, जगन्नाथ, नानूराम, अनिल, कैलाश शर्मा, सुरजाराम, ताराचंद, देवाराम, ओमप्रकाश, गौरीशंकर, सोहनाराम, रामेश्वर आदि ने किए हैं।
पुलिस ने दर्ज की मृतका के भाई की रिपोर्ट
इस हत्या के बारे में जगदीश ठोलिया निवासी शिमला ने पुलिस थाना निम्बी जोधां में अपनी बहिन की हत्या करने की आशंका जताते हुए लिखा है कि उसकी बहिन संजू देवी की शादी ग्राम बेड में प्रेमाराम पुत्र भंवरलाल साख के साथ 17 वर्ष पहले हिन्दू रीति रिवाज के अनुसार की गयी थी। उसका पति उसे अकारण काफी सालों से परेशान करता था। उसने, उसके भाई जगदीश और पिता के द्वारा समझाने के बावजूद भी वह नहीं माना। यह उसका रोज का मामला था, बार-बार समझाने के बाद भी वह नहीं माना। 2 मई की रात्रि में उसकी बहन की मृत्यु कर दी गई। पडौस के द्वारा उन्हें इसकी सूचना मिली। 3 मई को सुबह 7 बजे उन्हें फोन द्वारा सूचित किया गया। तब वे धहां पहुंचे तो देखने पर हत्या किए जाने की आशंका हुई। इस पर उसने पुलिस थाना निम्बी जोधां को सूचित किया और उसकी बहिन की हत्या किए जाने का पूरा शक प्रेमाराम पुत्र भंवरलाल पर जताया है। गांव में पड़ताल करने पर गांव वालों के द्वारा बताया गया कि 2 मई को शाम के समय प्रेमाराम गांव में ग्रामवासियों से मिला था। हत्या करने के बाद से वह यहां से लापता हो गया। प्रेमाराम पुत्र भंवरलाल का मोबाइल नंबर भी बंद आ रहा है। आशंका जताई गई है कि इस हत्या में उसके अन्य परिवारजन भी शामिल रहे हैं। निम्बी जोधां पुलिस ने इस रिपोर्ट को धारा 103 (1) बीएनएस 2023 के तहत दर्ज किया है। आगे की कार्रवाई और जांच थानाधिकारी सिद्धार्थ प्रजापत पुलिस निरीक्षक कर रहे हैं।






