सांवरिया सेठ के लिये नई रोडवेज बस शुरू होने पर लाडनूं में किया लोगों ने भावभीना स्वागत,
- धर्म प्रेमी व श्रद्धालुओं ने जताया राज्य सरकार व रोडवेज के प्रति आभार


लाडनूं (kalamkala.in)। राज्य सरकार की पहल पर राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा शुरू की गई दैनिक यात्री सेवा की पहली रोडवेज बस ‘सरदारशहर से चितौड़गढ़-सांवरिया सेठ’ के लिए सोमवार से प्रारंभ की गई। इस बस के लाडनूं आगमन पर स्थानीय धर्मप्रेमी सज्जनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बस का भव्य स्वागत किया। बस के लाडनूं आते ही लोगों ने यहां सांवरिया सेठ की जयकार के घोष गुंजायमान किए। पंडित रामचंद्र पाटोदिया ने मंत्रोचरण के साथ गाड़ी पर तिलक लगाए और गाड़ी को मौली बांधी, पूजा-अर्चना की एवं शुभकामनाएं अर्पित की। इस अवसर पर बस के ड्राइवर रमेश पूनियां व कंडक्टर चंदनमल का साफा ओढ़ाकर और माल्यार्पण करके स्वागत-सम्मान किया गया। यह सम्मान समाजसेवी रघुवीर सिंह राठौड़ खानपुर द्वारा किया गया। इस अवसर पर सबने बस शुरू होने की खुशी में मिठाइयां भी बांटी।यह रोडवेज बस सोमवार को सरदार शहर से सुबह 6.20 पर रवाना हुई। यह बस लाडनूं सुबह 9:15 बजे पर पहुंची थी।
यह रहेगी बस का आवागमन का पूरी समय-सारणी
बस के ड्राइवर रमेश पूनिया ने बताया कि यह बस ब्लू लाइन बस होगी, जिसकी सीटिंग व्यवस्था 3 x 2 रहेगी। यह बस सरदारशहर से प्रतिदिन सुबह 6.20 पर रवाना होगी तथा उसके बाद रतनगढ़ सुबह 7:30 बजे, छापर 8:10 बजे, सुजानगढ़ 8:45 बजे, लाडनूं 9:20 बजे, डीडवाना 10:20 बजे, कुचामन 11:55 बजे, परबतसर 12:50 बजे, किशनगढ़ (मंगलाना चौराहा) दोपहर 1.50 बजे, अजमेर अपराह्न 3.00 बजे, विजय नगर 4.30 बजे, भीलवाड़ा सायं 6:30 बजे, चित्तौड़गढ़ सायं 8:00 बजे और फिर सांवरिया सेठ (आगमन) 8:30 बजे होगा। वापसी में यह बस सांवरिया सेठ से प्रातः 5 बजे रवाना होगी। वहां से चितौड़गढ़ प्रातः 6.00 बजे, भीलवाड़ा 7.45 बजे, विजय नगर 9.05 बजे, अजमेर 11.00 बजे, किशनगढ़ (मंगलाना चौराहा) 11.45 बजे, परबतसर दोपहर 12.50 बजे, कुचामन 1.40 बजे, डीडवाना अपराह्न 3.00 बजे पहुंचेगी और इसके बाद लाडनूं अपराह्न 3.45 बजे, सुजानगढ़ 4.20 बजे, छापर 4.42 बजे और रतनगढ़ सायं 5.45 बजे पहुंचेगी और वापस सरदार शहर आगमन सायं 7.00 बजे होगा। बस में महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए किराए में 50 प्रतिशत छूट रहेगी।
सांवरिया सेठ मंदिर के लिए मिली बेहतरीन सुविधा
इस बस से सुप्रसिद्ध सांवरिया सेठ मंदिर सहित मार्ग में आने वाले विभिन्न धर्म-स्थलों तक आराम के साथ आवागमन का बेहतरीन लाभ श्रद्धालुओं को मिल सकेगा। लोगों ने बताया कि सांवरिया सेठ जाने के लिए श्रद्धालुओं को मिली यह सुविधा सबसे बढ़िया है और इसके लिए राज्य सरकार और राजस्थान रोडवेज निगम के अधिकारियों को लोगों ने बधाई देते हुए आभार ज्ञापित किया। स्वागत के इस कार्यक्रम में रघुवीर सिंह राठौड़, अनूप तिवाड़ी, रामस्वरूप जांगिड़, पन्नालाल माली, मनोज सैनी, गोपाल सैनी, विजय कुमार, लालचंद जांगिड़, आदि प्रमुख लोग मौजूद रहे।






