लाडनूं: शहरी सेवा शिविर में पट्टे बांटे, विवाह एवं जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र किए वितरित,
पानी-बिजली समस्याओं के अलावा पशु बीमा, आयुर्वेद चिकित्सा की गई, विभिन्न विभागों ने की सहभागिता





लाडनूं (kalamkala.in)। राज्य सरकार निर्देशित शहरी सेवा शिविर 2026 के तहत जिला कलेक्टर अवधेश कुमार मीणा व उपखंड अधिकारी ममता लहुआ के निर्देशन में लाडनूं शहर के वार्ड संं. 5 व 6 के लिए यहां नगर पालिका कैम्पस में मंगलवार को शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नगर पालिका द्वारा 69-ए के तहत एक पट्टा व कृषि भूमि का एक पट्टा वितरित किया गया। इनके अलावा 5 विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र तथा 15 जन्म व मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी कर लोगों को दिये गये। शिविर के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के 3 आवेदन प्राप्त हुये तथा प्रधानमंत्री मातृत्व योजना के तहत 6 आवेदन प्राप्त हुये एवं 8 नये रजिस्ट्रेशन किये गये।
सभी विभागों ने निभाई शिविर में सहभागिता
शिविर में त्वरित गति से कार्य होने के कारण अन्य विभागों से संबंधित प्रतिवेदन भी शिविर में प्राप्त हुए और उनका तत्काल निस्तारण भी किया गया। कैम्प में विद्युत वितरण निगम, जलदाय विभाग, पशुपालन विभाग, आयुर्वेद विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग, समाज कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, रसद विभाग के कार्मिकों के उपस्थित रह कर अपने-अपने विभागों की सहभागिता की।
पानी-बिजली की समस्याओं के मिले विभिन्न प्रकरण
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग से संबंधित पानी सप्लाई की समस्या को लेकर शिविर में 9 प्रकरण प्राप्त हुए। पानी सप्लाई के ये सभी प्रकरण में एक ही क्षेत्र स्टेशन रोड से संबंधित हैं। कनिष्ठ अभियन्ता कमल किशोर चौधरी ने उन्हें बताया कि इस समस्या का शीघ्र निस्तारण कर दिया जाएगा। अजमेर विद्युत वितरण निगम लि. से संबंधित 6 प्रकरण प्राप्त हुये। इन प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को भिजवाया गया।
पशु बीमा किया, दवा पिलाई और किया आयुर्वेद दवाओं का वितरण
पशुपालन विभाग द्वारा 100 पशुओं को कृमिनाशक औषधि पिलाई गई एवं दवा का छिड़काव किया गया। मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत 12 पशुओं की बीमा पॉलिसी कर 24 पशुपालकों को लाभान्वित किया गया।आयुर्वेद विभाग की तरफ से शिविर में मधुमेह, उच्च रक्तचाप, बवासीर, अम्लपित्त, संधिगतवात आदि बीमारियों की जांच कर दवाईयों का वितरण किया गया। डॉ. तरूण भार्गव द्वारा बताया गया कि आयुर्वेद मे दवाइयों के साथ खान-पान एवं योगाभ्यास, दैनिक दिनचर्या अपना कर रोग मुक्त हो सकते हैं।
सभी विभागों के प्रतिवेदनों का हो शीघ्र निस्तारण
नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी हरेन्द्र चौधरी द्वारा शिविर में सभी विभागों में प्राप्त प्रतिवेदनों के शीघ्र निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया। शिविर में नगर पालिका के शिविर प्रभारी एवं अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी अखिलेश पारीक, लेखाधिकारी राजेन्द्र सिंह पंवार, कनिष्ठ सहायक रघुनाथदान चारण, अरविन्द धवल, संगीता कंवर आदि कार्मिकों के अलावा सुमित्रा आर्य, ओम सिंह मोहिल, संदीप प्रजापत, नदीम बल्खी आदि जन प्रतिनिधि भी शिविर में उपस्थित रहे।






