लाडनूं शहर में अतिक्रमणों के खिलाफ प्रशासन ने कसी कमर,
आधा दर्जन अतिक्रमणों पर चलाया बुलडोजर, बस स्टेंड पर दी चेतावनी

लाडनूं (kalamkala.in)। बुधवार को उस समय लाडनूं शहर में हड़कंप सा मच गया, जब प्रशासन और पुलिस ने मिलकर शहर के विभिन्न स्थानों से अतिक्रमणों को जेसीबी और नगर पालिका के अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने मौके पर पहुंच कर सभी अवैध कब्जों को हटाया। बुधवार को तहसीलदार श्रीमती कुटेन्द्र राठौड़ और नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी हरेन्द्र चौधरी ने पुलिस बल एवं नगर पालिका के सभी सफाई कर्मियों के साथ पहुंच कर शहर की सार्वजनिक भूमि एवं आम रास्तों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ बुलडोजर चलाकर करीब आधा दर्जन स्थानों से अवैध कब्जे हटाए।
जावा बास में सार्वजनिक चौक में बनी चारदीवारी हटाई
इन अतिक्रमणों में पालिका व प्रशासन ने जावाबास स्थित बावरियों की गुवाड़ी में सार्वजनिक चौक एवं आम रास्ते की भूमि पर किए गए अतिक्रमण की शिकायत मिलने के बाद नगरपालिका टीम पूरे लवाजमे के साथ मौके पर पहुंच कर कार्रवाई करते हुए चौक पर बनाई गई अवैध चारदीवारी को बुलडोजर से ध्वस्त किया।
मगरा बास से हटाया अतिक्रमण और कब्रिस्तान क्षेत्र में की कार्रवाई
इस अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने मगरा बास में एक मिष्ठान भंडार के बाहर किए गए अवैध कब्जे एवं चौकियों को भी हटाया तथा लाडनूं के सरकारी अस्पताल के पास दरगाह व कब्रिस्तान की भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को लेकर भी कार्रवाई की गई।
बस स्टेंड पर ठेलों और अतिक्रमणों के लिए दी चेतावनी
इसके साथ ही नगर पालिका की टीम ने बस स्टैंड क्षेत्र में सड़क पर लगाए गए सब्जी ठेलों और दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमणों को भी हटा लिए जाने के लिए उन्हें निर्देशित किया गया तथा चेतावनी दी गई कि अन्यथा निर्धारित अवधि में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर नगर पालिका सभी अतिक्रमणों को हटवा कर हर्जा-खर्चा वसूल करेगी तथा सारा सामान जब्त करेगी।




