प्रशासन प्रेरित स्वीप कार्यक्रम के तहत छात्राओं ने सजाई रंगोलियां, पोस्टर पर रग उकेरे और निबंधों से समझाया मतदान का महत्व,
राजकीय कन्या महाविद्यालय एवं भूतोड़िया बालिका विद्यालय में स्वीप गतिविधियां आयोजित





लाडनूं (kalamkala.in)। स्थानीय राजकीय कन्या महाविद्यालय, लाडनूं एवं सूरजमल भूतोड़िया राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने विभिन्न आकर्षक एवं संदेशपरक रंगोलियां बनाकर आमजन को शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित किया। साथ ही विद्यालय की छात्राओं ने पोस्टर बनाए और निबंध लिखे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोकतंत्र में मतदान के महत्व के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा प्रत्येक मतदाता को अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने के लिए प्रेरित करना रहा।
लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी अवश्य निभाएं
राजकीय महिला महिला महाविद्यालय के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एडीएम डीडवाना रतन कुमार स्वामी, विशिष्ट अतिथि उपखंड अधिकारी लाडनूं श्रीमती ममता लहुआ तथा पुलिस उप अधीक्षक लाडनूं जितेन्द्र सिंह चारण थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गजादान चारण ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एडीएम रतन कुमार स्वामी ने छात्राओं की रचनात्मक पहल की सराहना करते हुए कहा कि मतदान केवल हमारा अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। मतदान से ही हमारा लोकतंत्र मजबूत होगा। प्रत्येक पात्र मतदाता को बिना किसी प्रलोभन अथवा दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने छात्राओं से स्वयं मतदान करने के साथ-साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
जागरूक और जिम्मेदार मतदाताओं पर निर्भर है लोकतंत्र की सफलता
उपखंड अधिकारी श्रीमती ममता लहुआ ने कहा कि लोकतंत्र की सफलता जागरूक और जिम्मेदार मतदाताओं पर निर्भर करती है। उन्होंने छात्राओं द्वारा रंगोलियों के माध्यम से दिए गए मतदान जागरूकता संदेश की सराहना करते हुए कहा कि रचनात्मक माध्यमों से दिया गया संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक सहजता से पहुंचता है। उन्होंने सभी से मतदान दिवस पर अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। उप-अधीक्षक पुलिस जितेन्द्र सिंह चारण ने कहा कि मतदान लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। उन्होंने युवाओं को लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि प्रत्येक मत की अपनी महत्ता है। उन्होंने छात्राओं से अपने आसपास के मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. गजादान चारण ने कहा कि महाविद्यालय में शिक्षा के साथ छात्राओं को सामाजिक एवं लोकतांत्रिक दायित्वों के प्रति जागरूक करना भी संस्थान की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि छात्राओं द्वारा तैयार की गई रंगोलियां न केवल कला का सुंदर प्रदर्शन हैं, बल्कि इनके माध्यम से समाज को महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक संदेश भी दिया गया है। उन्होंने सभी छात्राओं को शत-प्रतिशत मतदान के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कुल 11 रंगोलियों से बताया गया मतदान का महत्व
कार्यक्रम संयोजक प्रो. सुरेन्द्र कागट ने बताया कि महाविद्यालय की कुल 33 छात्राओं ने अलग-अलग थीम पर 11 रंगोलियां तैयार कीं। इन रंगोलियों में मतदान का महत्व, मताधिकार का प्रयोग, शत-प्रतिशत मतदान तथा लोकतंत्र को मजबूत बनाने जैसे संदेशों को कलात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उनके माध्यम से समाज में भी मतदान का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया।कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने छात्राओं द्वारा बनाई गई रंगोलियों का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता एवं जागरूकता की प्रशंसा की। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त स्टाफ एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा शत-प्रतिशत मतदान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
स्वीप गतिविधियों के तहत रंगोली, पोस्टर और निबंध लेखन कार्यक्रम
मतदाता जागरूकता अभियान के तहत स्वीप गतिविधि अंतर्गत एसडीएम लाडनूं श्रीमती ममता लहुआ के निर्देशन में सेठ सूरजमल भूतोडिया राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय लाडनूं में महिला मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ईएलसी प्रभारी तारेश शर्मा ने कार्यक्रम में कहा कि सशक्त लोकतंत्र के लिए मतदान बहुत आवश्यक है। इस अवसर पर विद्यालय की कक्षा 12 की छात्राएं चंचल सोनी, अक्षरा टाक, लक्ष्मी प्रजापत, गर्विता भोजक ने मतदाता जागरूकता थीम पर आधारित रंगोली बनाकर मतदाताओं को जागरूक करने का संदेश दिया। इसके साथ ही पोस्टर मेकिंग और निबंध प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। स्थानीय प्रशासन के मार्गदर्शन में आयोजित इस मतदाता जागरूकता अभियान (SVEEP) के तहत पोस्टर मेकिंग और निबंध प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी और उनके माध्यम से आम नागरिकों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना था। इसमें विद्यार्थियों ने आकर्षक रंगों और चित्रों के माध्यम से मताधिकार का महत्व’, ‘सशक्त लोकतंत्र’ और ‘बिना किसी प्रलोभन के निष्पक्ष मतदान’ जैसे विषयों को पोस्टरों पर उकेरा। निबंध प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने निबंध के माध्यम से एक मजबूत लोकतंत्र के निर्माण में प्रत्येक वोट की ताकत को बखूबी समझाया और लोगों से शत-प्रतिशत मतदान करने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। अंत में संस्था प्रधान गौतम कुमार टेलर ने कहा कि मतदान हमारा अधिकार है, हमें पूरे मनोयोग के साथ मतदान में भाग लेकर स्वस्थ लोकतंत्र का निर्माण करना चाहिए।






