लाडनूं पालिकाध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशी रहे मैदान में, पार्षदों का मतदान 21 को,
निर्दलीय हसीना बानो ने भाजपा के पक्ष में लिया नामांकन वापस
लाडनूं (kalamkala.in)। नगर पालिका लाडनूं के अध्यक्ष पद के चुनाव मैदान से एक प्रत्याशी ने मैदान छोड़ दिया है। उसने भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार निर्मला जांगिड़ के समर्थन में अपने नाम की वापसी की है। यह प्रत्याशी हसीना बानो पत्नी अब्दुल अजीज कायमखानी शहरिया बास लाडनूं हाईब्रिड थी, जो वार्ड सं. 1 से पार्षद चुनाव हार चुकी थी। उसने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया था। उसका नामांकन संवीक्षा में सही पाया गया था, लेकिन नाम वापसी के दिन उसने अपना नामांकन वापस उठा लिया। इस नाम वापसी के अवसर पर रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम ममता लहुआ के कार्यालय में भाजपा नेता करणीसिंह, विधानसभा प्रभारी राकेश शर्मा, महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष सुमित्रा आर्य, विधानसभा संयोजक हनुमान मल जांगिड़, भाजपा के जिला मंत्री नीतेश माथुर, राजेन्द्र सिंह जैतमाल एवं अन्य भाजपा समर्थक व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे
शेष रहे तीन प्रत्याशियों के लिए मतदान 21 सितम्बर को
अब हसीना बानो निर्दलीय के नाम वापसी से चुनाव के समीकरणों में बदलाव आया है। फुले खां हाथीखानी के अब खुलकर भाजपा के पक्ष में आने से बाड़ेबंदी में कैद कांग्रेस के कुछ पार्षद भी टूटकर भाजपा के पक्ष में अपना क्रॉस वोटिंग करने की संभावना बढ गई है। नगर पालिका लाडनूं के अध्यक्ष पद की दौड़ में अब तीन उम्मीदवार शेष रहे हैं। इनमें भाजपा से निर्मला जांगिड़ पत्नी हनुमान मल जांगिड़, कांग्रेस से परवीन पत्नी नौशाद अली सिसोदिया और निर्दलीय सुमन कंवर पत्नी रूपेन्द्र पाल सिंह सांवराद शेष रहे हैं। इनके निर्वाचन के लिए सभी चयनित पार्षदों द्वारा 21 सितम्बर को मतदान किया जाएगा।
