मंगलपुरा के वन अधिकारी विकास नायक का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कल,
दुर्घटना में हो गई थी प्रभागीय वन अधिकारी की असामयिक मौत

लाडनूं (kalamkala.in)। लाडनूं तहसील के मंगलपुरा ग्रामवासी स्व. श्रवण राम एवं श्रीमती सुगना देवी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश के इटावा में प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी प्रभाग में कार्यरत रहे भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के वर्ष 2019 बैच के समर्पित अधिकारी विकास नायक के राजकीय कार्य के दौरान 29 सितम्बर को मार्ग दुर्घटना में आकस्मिक निधन हो जाने पर उनकी पार्थिव देह को उनके पैतृक निवास स्थान ग्राम मंगलपुरा, तहसील लाडनूं लाया जा रहा है। मंगलपुरा में उनका अन्तिम संस्कार गार्ड आफ ऑनर द्वारा राजकीय सम्मान प्रदान करने के साथ किया जाएगा। इस सम्बन्ध में उत्तर प्रदेश के कानपुर मंडल के मुख्य वन संरक्षक एनके जानूं ने जिला पुलिस अधीक्षक डीडवाना-कुचामन को लिखित सूचना दी है। दिवंगत अधिकारी विकास नायक का अंतिम संस्कार पूर्ण राजकीय मर्यादा के साथ 1 अक्टूबर गुरुवार को प्रातः 9 बजे मंगलपुरा में उनके निज निवास के अंतिम यात्रा निकाली जाकर 11 बजे मंगलपुरा स्थित श्मशान भूमि में किया जाएगा।नियमानुसार पुलिस गारद एवं आवश्यक पुलिस बल व प्रोटोकाल उपलब्ध कराते हुए विकास नायक की उत्कृष्ट सेवाओं का सम्मान किया जाएगा। मुख्य वन संरक्षक कानपुर ने राजस्थान सरकार के सभी सम्बंधित अधिकारियों एवं स्थानीय अधिकारियों को भी इस बाबत सूचित किया है।



