लाडनूं क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं में छाया भारी रोष, आखिर क्यों वापस बनाया गया आरोपित विशाल पार्थ को पंचायत चुनाव में प्रभारी?
विशाल पार्थ पर नगर पालिका चुनाव से पहले भी लगे थे गंभीर आरोप और हटाया भी था, आरोपित व्यक्ति को ही फिर से पंचायत चुनाव में लाडनूं का प्रभारी बनाए जाने को लेकर हुआ भारी असंतोष
लाडनूं (kalamkala.in)। पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा संगठन में हो रही नियुक्तियों के बीच यहां नगरपालिका निकाय चुनावों में सह प्रभारी रहे विशाल पार्थ को एक बार फिर लाडनूं पंचायत चुनाव का प्रभारी बनाए जाने से भाजपा के बहुत सारे कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी नजर आ रही है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि पूर्व में नगरपालिका चुनाव के दौरान विशाल पार्थ की भूमिका को लेकर कई गंभीर आरोप सामने आए थे, ऐसे में उन्हें दोबारा लाडनूं की जिम्मेदारी सौंपना कार्यकर्ताओं की भावनाओं के विपरीत है। इनके विरुद्ध उचित शिकायतों की तैयारी भी कार्यकर्ताओं ने कर ली है। ऐसे व्यक्ति की नियुक्ति से भाजपा के लिए चुनाव में भारी खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।
पहले भी लगे थे गंभीर आरोप, तब हटाया भी गया
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि नगरपालिका चुनाव के दौरान पार्षदों के टिकट वितरण में पैसे लेने संबंधी शिकायतें और आरोप सामने आए थे। इसके अलावा भाजपा का विरोध करने तथा पार्टी में कथित तौर पर भीतरघात करने वाले लोगों के घर जाकर भोजन करने और उन्हें प्रोत्साहित करने के भी आरोप उन पर लगाए गए थे। इन हरकतों व घटनाओं को लेकर उस समय भी कार्यकर्ताओं में असंतोष की स्थिति बनी थी। बताया जा रहा है कि बाद में उन्हें जिम्मेदारी से हटाया गया था, लेकिन अब दोबारा लाडनूं का प्रभारी बनाए जाने से कार्यकर्ताओं में सवाल खड़े हो रहे हैं।
किसकी मिलीभगत से मिली दुबारा जिम्मेदारी
कार्यकर्ताओं के कयास है कि पार्टी में भीतरघात को पनपाने वाले व्यक्ति को किस आधार पर यहां वापस दायित्व सौंपा गया, इसमें उन्हें कोई गहरी साज़िश और उच्च स्तर की मिलीभगत भी प्रतीत हो रही है। कुछ कार्यकर्ताओं का आरोप है कि जिले के प्रभारी सोमकांत के प्रभाव के चलते उन्हें पुनः यह जिम्मेदारी दी गई है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि चुनाव संगठन और कार्यकर्ताओं के विश्वास से लड़े जाते हैं। ऐसे में जिन पदाधिकारियों की पूर्व की संदिग्ध भूमिका को लेकर कार्यकर्ताओं में असंतोष रहा हो, उन्हें दोबारा महत्वपूर्ण चुनावी जिम्मेदारी सौंप देना पार्टी हित के लिए कत्तई उचित नहीं रहता है।
होगी शिकायत, कार्यकर्ता तैयार
कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि विशाल पार्थ की पूर्व भूमिका एवं वर्तमान नियुक्ति को लेकर उचित संगठनात्मक मंच पर शिकायत दर्ज कराई जाएगी। उनका कहना है कि पार्टी हित में निष्पक्ष एवं विवादों से दूर व्यक्तियों को चुनावी जिम्मेदारी दी जानी चाहिए, ताकि कार्यकर्ताओं में विश्वास बना रहे और चुनाव मजबूती से लड़ा जा सके।



