लाडनूं में मोबाइल को हैक कर बैंक खाते से उड़ाई 1.21 लाख से अधिक की धनराशि,
सुनारी गांव की महिला ने करवाई अज्ञात मुलजिमों के खिलाफ ओनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज
लाडनूं (kalamkala.in)। निकटवर्ती ग्राम सुनारी की एक महिला ने लाडनूं पुलिस थाने में एक रिपोर्ट देकर अपना मोबाइल हैक होने के दौरान उसके बैंक खाते से 1 लाख 21 हजार 511 का बैलेंस कट कर उसके साथ सायबर फ्रॉड होने की शिकायत दर्ज करवाई है। इस सायबर धोखाधड़ी की पीड़िता मुन्नी देवी (41 वर्ष) पत्नी कैलाश मेघवाल ग्राम सुनारी (लाडनूं) ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि वह हाल ही में एक साइबर अपराध/धोखाधड़ी की शिकार हुई है। 20 अक्टूबर को उसके बैंक एकाउंट से 98 हजार 765 रुपए तथा 21 अक्टूबर को 22 हजार 746 रुपये कट गये। उसका मोबाईल हैक हो गया था, तब उसके एकाउंट से पैसा कट गया। जब मोबाइल वापस खुला, तब उसके यह रुपए कटने की जानकारी मिली। उसके मोबाईल पर अगर कोई लिंक आया हो, तो उसे इसका मालूम नहीं है। इसके बाद इस पीड़िता ने साईबर हेल्पलाईन नं. 1930 पर इस ठगी की शिकायत की। स्थानीय पुलिस ने 25 अक्टूबर को यह मामला साईबर पुलिस थाना डीडवाना की इस सम्बन्ध में दर्ज जीरो नम्बरी एफआईआर को सीसीटीएनएस पोर्टल पर ऑनलाईन प्राप्त करके मामला दर्ज किया है। इस बारे में पीड़िता मुन्नीदेवी (41 वर्ष) पत्नी कैलाश मेघवाल निवासी ग्राम सुनारी (लाडनूं) को पुलिस थाने में बुलाया गया तो उसने उपस्थित होकर इसी जीरो नम्बरी एफआईआर की एक हस्तलिखित रिपोर्ट पेश की। इस आधार पर पुलिस ने धारा 318 (4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया और इसकी जांच सहायक पुलिस निरीक्षक गजेन्द्र सिंह कर रहे हैं। इस मामले में पीड़िता का कहना है कि उसे किसी व्यक्ति ने ऑनलाइन डर या चोट पहुंचाने की धमकी देकर धोखा दिया है। वह एक ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार हुई है, जिसकी राशि 1 लाख 21 हजार 511 है। इस वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत पर कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।



