लाडनूं में तीन अलग-अलग स्थानों पर लगी पटाखों से आग,
दमकल और लोगों की मशक्कत से पाया गया आग पर काबू

लाडनूं (kalamkala.in)। दीपावली से ठीक एक दिन पहले ही शनिवार को शाम बाद काफी पटाखे फोड़े जाने के कारण तीन स्थानों पर आग लगने की सूचना मिली हैं। लाडनूं से गुजर रहे हाईवे के पास बस्ती से घिरे डम्पिंग यार्ड में फिर आग लग गई। इस आग पर काबू पाने के लिए नगर पालिका के दमकल वाहन और फायर ब्रिगेड कर्मचारियों काफी प्रयासों के बाद उस पर काबू पाया। यहां मालियों का बास में धर्मेंद्र सिंह आर्य के मकान के पास के नोहरे में भी पटाखे के कारण वहां रखी लकड़ियों और घास में आग लग गई। इसकी सूचना भी दमकल टीम को दी गई, लेकिन आसपास के लोगों ने तीन-चार घरों से पाईप डाल कर पानी से उस आग पर काबू पा लिया। इसी प्रकार यहां करणी माता मंदिर के पास एक मकान में भी आग लगने की सूचना मिली, जिसे बुझाने के लिए दमकल वाहन मौके पर पहुंच गया। यह आग श्याम लाल सैनी पुत्र मंगनी राम करणी माता मंदिर के पास के खाली प्लोट में लगी। इस आग पर अग्निशमन शाखा प्रभारी बाबूलाल ठोलिया, फायरमैन राम रतन सेन, निर्मल कुमार प्रजापत, मुकेश कुमार मेघवाल, वाहन चालक रमजान खान द्वारा काबू पा लिया गया। शनिवार को ही सीएलजी की बैठक में दीपावली पर पटाखों के कारण आग की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए दमकल, पानी के टैंकरों आदि की चाक-चौबंद व्यवस्था रखने का प्रस्ताव लिया गया था। राहूगेट, सेवक चौक एवं शहर के अन्य विभिन्न स्थानों पर इनकी व्यवस्था की जाएगी।



