पंचायत चुनाव में रोडू-भामास गांव बने तीखे सवाल की सलीब,
अस्सी सालों से उपेक्षा का आरोप, प्रत्याशियों को बार-बार परखने से लोगों का इंकार, युवा व कर्मठ चेहरे को लाएंगे आगे

लाडनूं (kalamkala.in)। तहसील के ग्राम रोडू-भामास में आजादी के आठ दशक बाद भी जिस विकास की लोगों को उम्मीद थी, वो नहीं हो पाया। पंचायत राज के बहुत सारे चुनाव यहां के ग्रामीणों ने देखे और मतदान भी किया, प्रत्याशियों ने लोगों की उम्मीदों को जगाया और आश्वासन भी दिए, परन्तु ‘ढाक के वही तीन पात’ रहे, गांव के लोग अब भी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। इस बार फिर पंचायत चुनाव की घोषणा के बाद लोगों ने अब बदलाव का ऐलान कर दिया है और एक युवा व कर्मठ चेहरे को चुनाव मैदान में उतार कर उम्मीदें की हैं कि अब इस क्षेत्र का वास्तविक और तेजगति से विकास संभव हो पाएगा। इस ग्राम पंचायत का सबसे उपेक्षित गांव कहा जा सकता है भामास को, जहां बिजली, पानी, शिक्षा, सड़क और चिकित्सा सभी दृष्टियों से विकास और सुधार की जरूरत है
जर्जर बिजली के खंभे, टूटी-फूटी पानी की टंकी और विद्यालय का क्रमोन्नयन तक नहीं
ग्राम पंचायत रोडू के सरपंच पद की युवा उम्मीदवार उषा कंवर ने बताया कि आजादी के बाद से ही भामास गांव पूरी तरह उपेक्षित रहा है। इस गांव में शिक्षा, चिकित्सा व पेयजल की समस्या आज भी विद्यमान है। यहां आज तक जो भी सरपंच रहे हैं, उन्होंने गांव के समुचित विकास पर कोई ध्यान नहीं दिया। ग्रामवासी रणजीत सिंह ने बताया कि 57 साल पहले जो विद्युत पोल लगाए गए थे, वे सब अब पूरी तरह जर्जर अवस्था में है और इन इलेक्ट्रिक पोल के कारण किसी भी समय कोई बड़ा हादसा संभव है। इसके अलावा यहां बनी हुई पानी की टंकी भी पुरानी हो चुकी और जगह-जगह से फट चुकी। इस टंकी में पानी ठहर ही नहीं सकता। इस कारण यहां पेयजल की समस्या बनी हुई है और पशुओं की पानी की खेली तक सूखी पड़ी रहती है। इस गांव की जनसंख्या को देखते हुए यहां पर उच्च माध्यमिक स्तर के विद्यालय का होना आवश्यक है, लेकिन उपेक्षा के चलते इस आवश्यकता को पूरा नहीं किया गया। ग्रामवासी विक्रम सिंह, हिम्मत राम प्रजापत, शेर खान एवं राजेंद्र कुमार ने बताया कि यह पहला मौका है जब भामास से कोई व्यक्ति सरपंच पद के लिए चुनाव लड़ रहा है। क्योंकि, इससे पूर्व जिन लोगों ने भी चुनाव लड़ा वे सब रोडू गांव के रहने वाले और एक विशेष वर्ग के व्यक्ति थे। उन्होंने जीतने के बाद भामास गांव की तरफ किसी प्रकार का कोई ध्यान नहीं दिया।
बिफर पड़े ग्रामवासी, अस्सी सालों से रखा गांव को उपेक्षित
रोडू और फिर भामास गांव में मीडिया टीम के पहुंचने पर ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि आजादी के अस्सी साल बाद भी हमारा क्षेत्र पिछड़ा हुआ है और आशा के अनुकूल विकास का कोई लाभ नहीं मिल पाया। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक रहे जन प्रतिनिधियों ने इस गांव के प्रति पूरी उपेक्षा ही बरती। ग्रामवासी स्वरूप सिंह ने बताया कि गांव में बरसाती पानी की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं होने से सभी बहुत परेशान हैं। बरसात के मौसम में पूरा गांव जलमग्न हो जाता है, जिससे लोग त्रस्त हैं। उन्होंने बताया कि यहां की सभी समस्याओं को लेकर उन्होंने समय-समय पर विधायक, सांसद एवं सरपंच को भी अवगत करवाया, लेकिन उसका भी कोई परिणाम नहीं निकल पाया। इस चुनाव में उन्होंने सिर्फ काम करने वाले और पूरा भरोसा देने वाले उम्मीदवार को ही साथ देना तय किया है।



