युवा व शिक्षित संकल्पवान महिला ने ठानी है, रींगण क्षेत्र को आदर्श पंचायत बनानी है,
संकल्प-पत्र जारी कर की 22 संकल्पों की घोषणा, रींगण व समना को करेंगे समस्या मुक्त, बंद मनरेगा को करवाएंगे शुरू, पानी के लिए नया ट्यूबवैल होगा, हाईमास्ट लाइटें लगाएंगे



लाडनूं (kalamkala.in)। सरपंच प्रत्याशी के लिए शिक्षा, समझ, सोच, संकल्प और समर्पण जब एक साथ हो तो फिर गांव के विकास के रास्ते स्वत: ही खुल जाते हैं। कुछ ऐसा ही मानते हैं लाडनूं तहसील की ग्राम पंचायत रींगण-समना के रहवासी लोग। इन लोगों से हुई एक भेंट में श्रवण गोदारा, मनोज दहिया, लक्ष्मण दहिया, लक्ष्मण साद समना, ओमप्रकाश बैंधा आदि ने बताया कि उन्होंने पिछली बार भी एक शिक्षित महिला को सरपंच चुना था, लेकिन उन्होंने गांव के लिए कोई विशेष काम नहीं किया। यहां की समस्याएं आज भी लोगों को परेशान करती हैं और अधिकारी उनकी सुनते नहीं। विकास की तो बात दूर है, जिन रोजमर्रा के कामों के लिए ग्राम पंचायत जिम्मेदार है, उनके लिए भी लोगों को मुश्किलों का सामना और चक्कर लगाने पर मजबूर होना पड़ रहा है। इस बार उन्होंने यहां से सुदीर्घ काल तक सरपंच का पदभार संभाल चुके लिखमाराम चौधरी के परिवार से उम्मीदवार तय किया है। उनकी पौत्रवधु संतोष देवी पत्नी नरेन्द्र बैंधा को चुनाव मैदान में उतारा है। इससे पहले उनकी जेठानी प्रभुदेवी भी सरपंच रह चुकी। इस तरह से उनका परिवार राजनीति में सक्रिय रहा है। अब प्रत्याशी बनी संतोष देवी डबल एमए और बीएड तक शिक्षित हैं और उनमें युवा जोश, काम करने की उमंग, ऊर्जा और समझ भी मौजूद है।
पहले से घोषित किया 22 प्रमुख कार्यों का संकल्प पत्र
सरपंच प्रत्याशी संतोष देवी बैंधा से हुई एक मुलाकात में उन्होंने बताया कि उनका ध्येय रींगण व समना गांवों को समस्याओं से मुक्त करना और विकास के कार्यों में अग्रणी रखना है। इसके लिए वे भरसक प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि इसके लिए इन गांवों के लिए उन्होंने एक 22 सूत्रीय संकल्प पत्र जारी किया है। इसमें गांव के राजकीय विद्यालय को इंग्लिश मीडियम में बदले जाने, तीन साल से बंद पड़ी मनरेगा योजना को शुरू करवाने, गांव के बेसहारा गौवंश की चराई की नि:शुल्क व्यवस्था करने, रींगण व समना के खंदेड़ों के जल भराव की निकासी की समुचित व्यवस्था करने, विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए वाई-फाई युक्त लाईब्रेरी की व्यवस्था, रींगण के उप स्वास्थ्य केन्द्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बनवाना, समना में उप स्वास्थ्य केन्द्र खुलवाना, पशु चिकित्सालय के लिए भवन निर्माण करवाना, विद्यालयों की नियमित देखभाल एवं गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा की व्यवस्था, खेल मैदान को आधुनिक बनाने और समस्त खेल सामग्रियों की व्यवस्था करना, समस्त ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना, गांव में सार्वजनिक ट्यूबवैल खुदवा कर घर-घर पानी पहुंचाने की व्यवस्था करवाने, महिला-सशक्तिकरण के लिए विभिन्न प्रशिक्षण की व्यवस्था, सड़कों और नालियों की व्यवस्था, हर वार्ड में सफाई की पुख्ता व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण के लिए हर साल वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करना, ग्राम पंचायत का समस्त आय-व्यय ग्राम सभाओं द्वारा लोगों के सामने रख कर सत्यापित करवाने, पंचायत भवन में बंद पड़ा आधार केंद्र एवं ई-मित्र को फिर से चालू करवाना, गोचर भूमि व सार्वजनिक सम्पत्तियों का संरक्षण करना, सरकारी विद्यालयों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पुरस्कृत करके प्रोत्साहित करना, मुख्य-मुख्य चौराहों पर हाईमास्ट लाइटें लगाना और ग्राम पंचायत में जिम की व्यवस्था करना शामिल हैं।
सभी जाति-समुदायों के विश्वास के बल पर हैं चुनाव में
रींगण ग्राम पंचायत में रींगण और समना दो ही गांव सम्मिलित हैं। इनके कुल मतदाता 2780 हैं, जिनमें रींगण में 2332 और समना में 448 मतदाता हैं। इनमें जाट, राजपूत, रावणा राजपूत, ब्राह्मण, अग्रवाल, प्रजापत, स्वामी, गोस्वामी, जांगिड़, नाई, मेघवाल, सोनी, बावरी, हरिजन, सांसी, नायक, रैगर, गिवारिया सभी जातियां शामिल हैं। सरपंच प्रत्याशी संतोष देवी को विश्वास है कि इन सभी जातियों से उन्हें वोट मिलेंगे और उनके विश्वास के बल पर ही उन्होंने चुनाव लड़ने की ठानी है। बिना किसी भेदभाव के वे पूरे गांव और उनके बल समस्त ग्रामीणों के लिए वे काम करेंगे।



