बालसमंद को बनाई जाएगी पहली ‘नशा मुक्त ग्राम पंचायत’,
विभिन्न समस्याओं को हल करने को दी जाएगी प्राथमिकता, सरपंच प्रत्याशी मुकेश जांगिड़ कृत-संकल्प हैं सम्पूर्ण विकास के लिए
लाडनूं (kalamkala.in)। पंचायत चुनाव को लेकर तहसील की ग्राम पंचायत बालसमंद में समस्याओं को दूर करने और सर्वांगीण विकास के लिए पुख्ता कदम उठाने का संकल्प लेकर यहां एक युवा शिक्षित चेहरा मुकेश जांगिड़ का सामने आया है। उनकी इच्छा है कि वे बालसमंद क्षेत्र को तहसील का पहला नशामुक्त ग्राम घोषित करवाए। इसके लिए अभियान चलाने, युवाओं को प्रेरित करने और सरकार से हरसंभव सहयोग लेकर लक्ष्य को पूरा करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने ग्राम पंचायत क्षेत्र में प्रतिभाओं को प्रोत्साहित की कमी है, इसके लिए योजना बना कर कार्य किया जाएगा। इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षा की तैयारियों के सम्बन्ध में और चरित्र निर्माण व मानवीय मूल्यों के विकास के लिए एक आधुनिक सुविधाओं युक्त लाईब्रेरी बनाई जाएगी। यहां एक महात्मा गांधी वाचनालय था, जो आज दुर्दशा का शिकार है, उसकी पुस्तकों का तक कोई अता-पता नहीं है।
समस्याओं को लेकर लोग हुए मुखर
ऐसा लगता है कि चुनाव के वक्त ही लोग सजग होते हैं, वरना पांच साल तो पीड़ा भोग कर भी लोग चुप ही रहते हैं। लगभग ऐसा ही लाडनूं क्षेत्र में हो रहे पंचायत चुनाव के दौरान देखने को मिल रहा है। लम्बे समय से चली आ रही असुविधाओं, मुश्किलों और समस्याओं को लेकर अब ग्रामीण मुखर होते जा रहे हैं। इस समय चुनाव लड़ रहे नेताओं को भी संवेदना बरतते हुए इन सभी समस्याओं को देखना-समझना पड़ता है और उनके निराकरण का वादा भी करना पड़ता है। वे समझ जाते हैं कि अब तक जिनकी उपेक्षा की गई, उन पर अब पूरा ध्यान देना ही होगा, उपेक्षा का समय बीत चुका है। लाडनूं की मीडिया टीम जिस किसी क्षेत्र में अपने सर्वेक्षण के लिए पहुंची, उसके सामने उन-उन गांवों की सारी समस्याएं उभर कर सामने आ गईं।
बालसमंद में रेलवे स्टेशन के लिए रास्ता खुलवाया जाए
बालसमंद क्षेत्र में मीडिया के समक्ष सबसे बड़ी समस्या के रूप में रेलवे स्टेशन तक आने-जाने के रास्ते को लेकर आई, जिसके कारण यहां लोग बहुत ही दुःखी देखे गए। यहां बिल्कुल नजदीक ही रास्ता होने के बावजूद उसे मात्र कुछ ही दूरी तक खुलवाने और रास्ता बनवाने के लिए आज तक कोई राजनेता आगे नहीं आया। यहां लम्बा घूम कर रेलवे स्टेशन जाने की परेशानी लोगों को उठानी पड़ रही है। लोगों की मांग है कि ग्राम पंचायत अपने क्षेत्र तक अगर इस रास्ते को बनवा दे, तो उसके बाद रेलवे की जमीन से होकर वे गुजर सकते हैं और आसानी से पैदल ही बिना किसी देरी के रेलवे स्टेशन पहुंच सकते हैं।
दो साल से बना हुआ है पानी का पूरा अभाव
इसके अलावा बालसमंद में पीने के पानी की समस्या भी बनी हुई है। ग्रामवासी विनोद जांगिड़ ने बताया कि यहां कुछ क्षेत्रों में पिछले दो सालों से पानी नहीं आ रहा है। जो पाइप लाइन बिछाई हुई है, उसमें पीछे लोग लकड़ी की फाडी फंसा कर पानी रोक देते हैं, जिससे पानी की सप्लाई अवरूद्ध होकर आगे नहीं जा पाती है। बालसमंद में डाली गई नहरी पानी की सप्लाई को वाल्व लगा कर बारी-बारी से सबको सप्लाई दी जावे, तो समस्या का समाधान हो सकता है। यहां लोगों को ट्यूबवैल के पानी से काम चलाना पड़ रहा है, जो किसी भी हालत में पीने के योग्य नहीं है। लोगों ने पीने के हौद अपने घरों में बना रखे हैं, जिनसे बरसात के एकत्र पानी से पीने के लिए काम चला रहे हैं।
झेकरिया में है नालियों की कमी, रहता है कीचड़ भरा हुआ
बालसमंद ग्राम पंचायत क्षेत्र के ग्राम झेकरिया में नालियों की समस्या है। वहां नालियां बनी हुई नहीं होने से गंदे पानी का भराव और कीचड़ जमा रहता है। इसी तरह यहां लाइट की समस्या भी बनी हुई है। ग्राम पंचायत में कोई एम्बुलेंस नहीं होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के ग्राम बाडेला में शिक्षा के नाम पर एक स्कूल अवश्य है, लेकिन किसी भी तरह की कोई व्यवस्था उसमें नहीं होने से उसका समुचित लाभ विद्यार्थियों को नहीं मिल पाता है।



