जिला परिषद डीडवाना-कुचामन के जिला प्रमुख पद पर भाजपा के बुधाराम गर्वा हुए निर्वाचित,
लॉटरी से आया परिणाम रहा भाजपा के पक्ष में, भाजपा के बुधाराम गरवा को 14 और कांग्रेस की पूनम को भी 14 मत मिलने पर निकाली लॉटरी, बराबर मत मिलने पर लॉटरी की अपनाई गई प्रक्रिया


डीडवाना (kalamkala.in)। पहली बार गठित डीडवाना-कुचामन जिले की जिला परिषद के लिए हुए जिला प्रमुख चुनाव में पड़े मतदान के बाद मतगणना के दौरान परिणाम में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार बुधाराम गर्वा को 14 मत मिले। कांग्रेस की पूनम को भी 14 मत ही प्राप्त हुए।राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के शिवपाल को मात्र 7 मत मिले। भाजपा व कांग्रेस को बराबर मत मिलने पर लॉटरी की प्रक्रिया अपनाई गई। इस लॉटरी में भाजपा के बुधाराम गर्वा विजेता घोषित किए गए।
डीडवाना-कुचामन जिला परिषद के प्रमुख के चुनाव के गणित में कुल 35 सीटें थीं, जिनमें कांग्रेस के 14 सदस्य, भाजपा के 12 सदस्य और आरएलपी 9 सदस्य हैं। इस प्रकार जिला प्रमुख बनाने के लिए 18 सदस्यों का समर्थन जरूरी था, लेकिन किसी भी पार्टी के पास अपने दम पर बहुमत नहीं था। जिला परिषद के लिए चार सदस्यों ने अपने नामांकन प्रस्तुत किए थे। इनमें से निर्दलीय उमा देवी जिप सदस्य वार्ड सं. 30 (कालवा छोटा बास, मकराना ) ने नाम वापस ले लिया। इसके बाद चुनाव में तीन उम्मीदवार आमने-सामने रहे। इनमें कांग्रेस की पूनम गोयल, भाजपा के बुधाराम गरवा और आरएलपी के शिवपाल बचे, जिनके बीच मुकाबला हुआ। इन तीनों उम्मीदवारों में विजेता घोषित भाजपा के बुधाराम गरवा (मालियों का बास मौलासर) जिला परिषद के वार्ड संख्या 10 से निर्वाचित सदस्य हैं। उनके सामने पराजित हुई कांग्रेस की पूनम गोयल (आचार्यों का मौहल्ला निचला बास किनसरिया, परबतसर) जिला परिषद के वार्ड सं. 19 से निर्वाचित सदस्य हैं और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के उम्मीदवार शिवपाल (कालवा छोटा बास मकराना) जिला परिषद के वार्ड संख्या 11 से निर्वाचित सदस्य हैं।



