सुजानगढ में टूटी सड़कों और उड़ती धूल को लेकर भाजपाईयों ने की नारेबाजी,
नगर परिषद कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं ने धरना दिया तथा 15 दिसम्बर तक का अल्टीमेटम देकर अनशन की चेतावनी दी
सुजानगढ़। शहर भर में बाजारों और अन्य मोहल्लों-गलियों में टूटी हुई सड़कों व उड़ती हुई धूल को लेकर बुधवार को भाजपा ने नगरपरिषद में एक घंटे तक जम कर विरोध-प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। शिकायत लेकर आए भाजपा पदाधिकारियों को नगर परिषद में आयुक्त व सभापति नहीं मिलने पर वे गुस्सा गए और धरना-प्रदर्शन पर उतर आए। उन्हेांने इससे पूर्व उपखंड अधिकारी मूलचंद लूणिया को फोन करके इस सम्बंध में जानकारी भ्ज्ञी देते हुए बताया कि नगर परिषद कार्यालय में कोई ज्ञापन लेने वाला सक्षम व्यक्ति तक नहीं है। बाद में एईएन दिलीपसिंह वहां पहुंचे और उन्होंने पार्षदों व पदाधिकारियों से वार्ता की तथा उनसे ज्ञापन प्राप्त किया।
जयश्री ने की अनशन की घोषणा
नेता प्रतिपक्ष जयश्री दाधीच के नेतृत्व में हुए इस धरना-प्रदर्शन और दिए गए ज्ञापन में टूटी सड़कों को लेकर नाराजगी जताई गई। बताया गया कि स्टेशन से लेकर घंटाघर और गांधी चैक सहित गणेश मंदिर तक हर कदम पर सड़कंे पूरी तरह से बिखर चुकी है। उड़ती धूल की वजह से लोग परेशान हैं। बार-बार मांग करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। नेता प्रतिपक्ष जयश्री ने कहा कि अगर 15 दिसंबर तक काम शुरू नहीं किए गए तो वे अनशन पर बैठ जाएंगी। बाद में आयुक्त कमलेश कुमार मीणा ने बताया कि सड़कों के वर्क आर्डर जारी किए जा चुके हैं। सरदारशहर उपचुनाव के कारण आचार संहिता लगी हुई थी, आचार संहिता हटते ही एक-दो दिन बाद काम शुरू हो जाएगा। इस दौरान बुद्धिप्रकाश सोनी, वैद्य भंवरलाल शर्मा, गणेश मंडावरिया, भंवरलाल गिलाण, कमल दाधीच, प्रेमप्रकाश स्वामी, पार्षद दीनदयाल पारीक, पुरुषोत्तम शर्मा, गौरव इंदौरिया, मनोज पारीक, नरेंद्र गुर्जर, गंगाधर लाखन, मनीष गोठड़िया, पन्नालाल सोनी, अरविंद सोनी आदि मौजूद रहे।






