लाडनूं की जेबी स्कूल की सम्पत्ति की नीलामी 15 अक्टूबर को, कोर्ट के आदेश से देनदारी चुकारा करने के लिए होगी यह निलामी
लाडनूं (kalamkala.in)। शहर की सुप्रसिद्ध शिक्षण संस्थानों में अग्रणी रही अनुदनित शिक्षण संस्था जे.बी. उच्च प्राथमिक विद्यालय का हस्र यह होगा कि इस विद्यालय की सम्पत्ति को कोर्ट के आदेश से 15 अक्टूबर को खुली बोली से नीलाम किया जाएगा। यह कार्रवाई इस संस्था में कार्यरत रह चुके शिक्षकों के बकाया वेतन, ग्रेच्युटी, एरियर और अन्य देय भुगतानों के चुकता न होने पर अदालत के आदेश के तहत की जा रही है। यह नीलामी लाडनूं के न्यायालय वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश के समक्ष इस संस्था के डिक्रीदार शिक्षक दीनदयाल शर्मा पुत्र ज्वाला प्रसाद शर्मा निवासी दाधीच चौक लाडनूं द्वारा पेश की गई इजराय के तहत की जाएगी। इस सम्बन्ध में डिक्रीदार शिक्षक दीनदयाल शर्मा ने प्रबंधन समिति जेबी उच्च प्राथमिक विद्यालय के खिलाफ याचिका दायर की थी। सन् 2022 में 20 अक्टूबर को कोर्ट में पेश हुए इस मामले में पीड़ित शिक्षक ने ब्याज सहित 26.94 लाख रु. की वसूली की मांग की थी। पेश इजराय नम्बर 04/2022, जो बअनुवान दीनदयाल बनाम प्रबंध समिति के.बी. प्राथमिक विद्यालय वगैरह है, में अदालत की ओर से प्रबंधन समिति को नोटिस जारी करने के बाद भी विपक्षी पक्ष की ओर से कोई उपस्थित नहीं हुआ।
तब न्यायालय के द्वारा के.बी. प्राथमिक विद्यालय की संस्था जे. बी. स्कूल की सम्पति को कुर्क किया गया था। न्यायालय के समक्ष 20 अक्टूबर 2022 को पेश इस प्रकरण में डिक्रीदार के द्वारा 26 लाख 94 हजार 635 रुपये वसूली तक ब्याज सहित दिलाने का निवेदन किया। इस पर न्यायालय ने 29 जुलाई 2026 को जेबी स्कूल की भूमि-संपत्ति को कुर्क कर लिया था। न्यायालय द्वारा कुर्की आदेश 21 नियम 54 जाब्ता दीवानी के तहत जे.बी. स्कूल की संपत्ति को नीलाम करने का आदेश जारी किया और सम्पति को नीलाम कर डिक्रीदार को उसकी बकाया राशि दिलाने हेतु आदेशित किया था। इस आदेश की पालना में जे.बी.स्कूल की सम्पत्ति की नीलामी 15 अक्टूबर 2026 को प्रातः 11:00 बजे की जानी है। इस नीलामी प्रक्रिया में तहसीलदार लाडनूं, एकाउन्टेंट व न्यायालय वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश लाडनूं के नाजिर उपस्थित होंगे तथा इन तीनों की उपस्थिति में निलामी की कार्यवाही की जायेगी। न्यायालय ने इस सम्पत्ति की नीलामी में बोली लगाने व सम्पत्ति को निलामी में छुड़वाने के इच्छुक व्यक्तियों को 15 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे नीलामी स्थान जे.बी.स्कूल में उपस्थित रहने के लिए कहा है।



