लोगों के घरों में गंदे व बदबूदार पानी की सप्लाई, दु:खी लोगों की समस्या का जन-नेता फुले खां हाथीखानी ने लिया संज्ञान,
रुडीप और जलदाय विभाग के अधिकारियों को किया मौके पर एकत्र और समाधान नहीं होने तक संघर्ष जारी रखने का किया ऐलान

लाडनूं (kalamkala.in)। लाडनूं के शहरियाबास में लोगों के घरों में जलदाय विभाग द्वारा दी जाने वाली सप्लाई में गंदा और बदबूदार पानी आने की शिकायतों को क्षेत्र के जन नेता फुले खां हाथीखानी ने गंभीरता से लेते हुए जलदाय विभाग और रुडीप के अधिकारियों व कर्मचारियों को आड़े हाथों लिया और सबको एक साथ मौके पर बुला कर स्थिति का मुआयना करवाया। सिवरेज लाइन के मैनहोल को खुलवा कर अधिकारियों को दिखाया। आस पास के सभी घरों के लोगों ने उन सभी अधिकारियों को समस्या से भलीभांति अवगत करवाया। लोगों ने बताया कि सिवरेज कनेक्शन घरों में किए जाने के दौरान इस क्षेत्र में पानी की पाइप लाइन को क्षतिग्रस्त किया गया और अब सीवरेज और पेयजल की लाइनों के एक साथ होने से यह समस्या पैदा हुई है। अधिकारियों ने फुले खां को आश्वस्त किया कि वे पेयजल सप्लाई के दौरान आकर फिर मौका देखेंगे और जो भी समस्या होगी, उसे ठीक करके लोगों को राहत पहुंचाएंगे। इस अवसर पर दोनों विभागों के अधिकारियों के अलावा जन-नेता फुले खां हाथीखानी के साथ बड़ी संख्या में नागरिक गण मौजूद रहे। फुले खां ने बताया कि गंदे पानी की समस्या पर एल एंड टी और पीएचईडी के अधिकारियों के साथ वे स्वयं मौके पर मौजूद रहे तथा लगातार उनके प्रयास जारी हैं। जब तक इस समस्या का पक्का समाधान नहीं हो जाता, तब तक उनका यह संघर्ष और समस्त कार्यवाही व समस्या की निगरानी यूं ही जारी रहेगी।


