स्वर्णकार समाज ने की सुनार कल्याण बोर्ड के गठन की मांग
लाडनूं। स्थानीय श्री मैढ स्वर्णकार समाज सेवा समिति के तत्वावधान में यहां मुख्यमंत्री के नाम का एक ज्ञापन उपखंड अधिकारी को सौंपा गया, जिसमें राज्य सरकार द्वारा सुनार कल्याण बोर्ड गठित किए जाने एवं व स्वर्णकार समाज की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की गई। ज्ञापन में बताया गया है कि सुनार समाज शैक्षणिक, सामाजिक, राजनैतिक व आर्थिक दृष्टि से पिछड़ा हुआ समाज है। इसके लिए सुनार समाज कल्याण बोर्ड के गठन सहित सभी समस्याओं का समाधान आवश्यक है। बताया गया है कि राज्य में सोने और चांदी के गहनों के काम में करीब 4 लाख कारीगर लगे हुए हैं, जिनकी बनाई हुई ज्वेलरी देश-विदेश में विख्यात है। इस ज्वैलरी का प्रतिवर्ष 5 हजार करोड़ का निर्यात विदेशों को किया जाता है। सरकार को भी इससे अरबों रूपयों का टेक्स मिलता है। ज्ञापन में पूर्व में नवम्बर माह से लगातार सरकार को दिए जा रहे ज्ञापनों एवं जयपुर में निकाली गई रैली व धरने का उल्लेख करते हुए बोर्ड का गठन करने सहित समस्याओं के हल करने की मांग करते हुए तेज आंदेालन की चेतावनी दी गई है। ज्ञापन देने वालों में मैढ स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष मुरलीधर कङेल, सचिव लालचंद डांवर, कोषाध्यक्ष गोपाल लाल डांवर, जिला उपाध्यक्ष रमेशचंद डांवर, सामाजिक कार्यकर्ता सुरेश कुमार कट्टा, नाथूराम आदि मौजूद रहे।