महिला सशक्तिकरण के साथ मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य पर ध्यान जरूरी- डॉ. रेनू शर्मा,
लाडनूं में महिला संगोष्ठी का भव्य आयोजन


लाडनूं (kalamkala.in)। राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) उपशाखा लाडनूं द्वारा रविवार को महिला संगोष्ठी का भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन स्थानीय सेठ सूरजमल राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संभाग महिला मंत्री मंजू चौहान ने की और डॉ. रेनू शर्मा मुख्य अतिथि रही। संगोष्ठी का शुभारंभ वंदे मातरम् के साथ किया गया। प्रथम सत्र की मुख्य वक्ता पुष्पा सोनी ने ‘रानी अब्बक्का देवी एवं वर्तमान परिप्रेक्ष्य में नारी की भूमिका’ विषय पर प्रभावशाली उद्बोधन देते हुए इतिहास में नारी शक्ति के गौरवपूर्ण उदाहरणों का उल्लेख किया। उन्होंने वर्तमान समय में महिलाओं की बढ़ती भूमिका पर प्रेरणादायी विचार प्रस्तुत किए।
महिलाओं में नेतृत्व व संगठनात्मक दक्षता विकसित करना जरूरी
द्वितीय सत्र की मुख्य वक्ता संभाग महिला मंत्री मंजू चौहान ने संगठन की रीति-नीति, उद्देश्यों एवं महिला नेतृत्व निर्माण पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि महिलाओं में नेतृत्व क्षमता व संगठनात्मक दक्षता विकसित करना समय की आवश्यकता है।मुख्य अतिथि डॉ. रेनू शर्मा ने महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के महत्व पर जोर देते हुए शिक्षिकाओं को स्वस्थ और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया। उपशाखा मंत्री पूनम वर्मा ने संगठन में महिला शिक्षकों की भागीदारी बढ़ाने पर बल दिया। ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह जोधा ने सभी प्रतिभागी महिला शिक्षकों का उपशाखा की ओर से अभिनंदन करते हुए आभार व्यक्त किया।
महिला शिक्षिकाओं को दिए उपहार
कार्यक्रम का संचालन सुनीता शर्मा ने सहज और प्रभावी रूप से किया। वरिष्ठ प्रयोगशाला सहायक व संघ के समर्पित कार्यकर्ता लक्ष्मण दास स्वामी के द्वारा सभी महिला शिक्षकों को उपहार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह जोधा, जिला कोषाध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा ,जिला प्रधानाचार्य प्रतिनिधि रामचंद्र भाटी, लक्ष्मण दास स्वामी, भेरू सिंह, सुरेश गेट, योगेंद्र भारद्वाज आदि कार्यकर्ताओं ने पूरी व्यवस्था को अंजाम दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला शिक्षकों ने भाग लेकर संगोष्ठी को सफल बनाया।






