लाडनूं के रेलवे फाटक पर बनेगा बौरवेल, होगा जलभराव की ज्वलंत समस्या का समाधान,
भाजपा नेता ठाकुर करणीसिंह के हस्तक्षेप के बाद नगर पालिका ने लिया निर्णय


लाडनूं (kalamkala.in)। यहां स्टेडियम के पास रेलवे फाटक के सामने जलभराव की विकट समस्या के हल के लिए नगर पालिका ने वहां एक बौरवेल बनवाने का निर्णय लिया है। इससे वहां एकत्र होने वाला पानी उस बोरवेल के माध्यम से जमीन में समा जाएगा। यह समस्या बहुत ही गंभीर रूप ले चुकी थी। यहां जलभराव के कारण रेलवे फाटक से होकर गुजरने वाले हाईवे के वाहनों ही नहीं, बल्कि शहर से समस्त सरकारी दफ्तरों तक आवगमन करने वाले सभी दुपहिया व चारपहिया वाहनों का आवागमन तो पूरा ही बंद हो गया। लोगों को आरओबी के ऊपर से लम्बा चक्कर लगा कर आना-जाना करना पड़ता है। एक बड़ी झील की तरह नजर आने वाले इस जलभराव को लेकर सभी नागरिक और प्रशासनिक अधिकारीगण खासे परेशान थे।
रेलवे व जीआरपी ने पैदा किया पालिका कर्मियों में खौफ
लाडनूं के स्टेडियम के पास रेलवे फाटक के सामने इकट्ठा होने वाले इस पानी को खाली करने के लिए जाने वाले सफाईकर्मियों को रेलवे के जीआरपी वाले रोक कर उन्हें परेशान करते हैं। वहां मोटरपम्प लगा कर पानी को निकालने से रोका जा रहा है। यहां नालों की सफाई भी नहीं करने दी जा रही है। हाल ही में गत 23 मई को नाले की सफाई के दौरान रेलवे की केबल तोड़ने का झूठा आरोप एस.आई. महेंद्र कुमार पर लगा दिया गया था। बाद में मोटरपम्प लगा कर पानी तोड़ने से भी रेलवे ने सफाईकर्मियों को रोक दिया। जीआरपी की मुकदमेबाजी से डर कर नगर पालिका के कार्मिक वहां जाकर काम करने से डरने-घबराने लगे। अधिशाषी अधिकारी भवानी शंकर व्यास ने खुद मौके पर पहुंच कर वहां पम्पसेट लगवा कर पानी तुड़वाया भी, लेकिन बारिश आते ही फिर से वही हाल हो जाता है। इस समस्या को लेकर नगर पालिका और आम जनता सभी बहुत परेशान रहे। रेलवे द्वारा नालों की सफाई नहीं करने देने और मोटर पम्प से पानी नहीं तोड़ने देने के कारण और बारिश का दौर चलने की वजह से यह समस्या विकट हो चुकी है।
भाजपा नेता करणीसिंह ने लिया समस्या का संज्ञान
आखिर इस समस्या का संज्ञान लेते हुए भाजपा नेता ठाकुर करणीसिंह ने नगर पालिका को समस्या का हल निकालने के निर्देश दिए। इस पर तय किया गया कि बस स्टेंड की तरह ही इस यहां भी एक बोरवैल बनवाया जा सकता है। इस पर सहमति देते हुए नगर पालिका ने स्टेडियम के पास एक बोरवैल बनवाने का निश्चय कर लिया है। गौरतलब है कि बस स्टेंड पर कई-कई दिनों तक जलभराव रहने की समस्या का समाधान पार्षद सुमित्रा आर्य ने कोशिश करके बोरवेल बनवा कर करवाया था। अब बरसात के बाद सारे शहर से आकर जमा हुआ पानी धीरे-धीरे बोरवेल में समा जाता है और कुछ ही समय बाद वहां पानी नहीं रह पाता। बाद में वहां बचे कीचड़ को नगर पालिका के सफाईकर्मी हटा कर साफ़ कर देते हैं। इसी तरह करणीसिंह के प्रयासों से इस रेलवे फाटक की समस्या का समाधान भी संभव हो पाएा।
इनका कहना है
नगर पालिका ने रेलवे फाटक के सामने जलभराव की समस्या के समाधान के लिए वहां बौरवेल बनवाया जाना तय किया है। इस सम्बन्ध में करणीसिंह ने सुझाव दिया था। बस स्टेंड पर बने पिछले बोरवेल के हिसाब से ही इसका निर्माण होगा।
– भवानी शंकर व्यास, अधिशाषी अधिकारी, नगर पालिका, लाडनूं।







