घर से दूर किराए पर रह कर पढने वाले विद्यार्थियों के लिए पुनर्भरण राशि योजना,
डीबीटी वाउचर योजना में किया जा सकेगा आॅनलाईन आवेदन के लिए आखिरी तारीख 30 नवम्बर
डीडवाना (kalamkala.in)। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी जयपाल सिंह ने विभाग द्वारा संचालित डीबीटी वाउचर योजना के लिए आॅनलाईन पोर्टल पर आवेदन करके लाभ उठाने की अपील करते हुए बताया कि इसके लिए अंतिम तिथि 30 नवम्बर रखी गई है। जयपाल सिंह ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित अम्बेडकर डीबीटी वाउचर योजना का शैक्षणिक सत्र 2024-25 के आवेदन आमंत्रित करने हेतु ऑनलाईन पोर्टल का 30 अक्टूबर से प्रारंभ कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इच्छुक छात्र ऑनलाईन आवेदन ई-मित्र द्वारा अथवा स्वयं की एसएसओ आईडी के माध्यम से 30 नवम्बर तक कर सकते है। योजनान्तर्गत जिला मुख्यालय पर संचालित समस्त राजकीय महाविद्यालय में स्नातक एवं स्नातकोत्तर (केवल शैक्षणिक पाठ्यक्रमों कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय हेतु) अध्ययनरत छात्र (केवल बालक), जो घर से दूर रहकर अन्य स्थान पर कमरा किराया लेकर (पेईंग गैस्ट के रूप में) अध्ययन करते है, उन छात्रों हेतु आवास, भोजन एवं बिजली-पानी इत्यादि सुविधाओं हेतु पुनर्भरण राशि के रूप में अम्बेडकर डीबीटी वाउचर योजना के अन्तर्गत छात्र द्वारा महाविद्यालय में प्रवेश दिनांक से माह मार्च तक 2000 रूपये प्रति माह प्रतिवर्ष (अधिकतम 10 माह हेतु) दी जावेगी।






